दस घंटे बंद रहा हाईवे, लंबा फेरा लगाकर मुख्यालय पहुंचे यात्री

पिथौरागढ़- टनकपुर हाईवे शनिवार से आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। शनिवार को मार्ग दस घंटे बद रहा।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Oct 2020 03:59 PM (IST) Updated:Sat, 31 Oct 2020 03:59 PM (IST)
दस घंटे बंद रहा हाईवे, लंबा फेरा लगाकर मुख्यालय पहुंचे यात्री
दस घंटे बंद रहा हाईवे, लंबा फेरा लगाकर मुख्यालय पहुंचे यात्री

संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: पिथौरागढ़- टनकपुर हाईवे शनिवार से आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। पहले दिन 10 घंटे वाहनों का आवागमन ठप रहा। लंबी दूरी की यात्रा कर मुख्यालय आ रहे यात्री लंबा फेरा काटकर गंतव्य तक पहुंचे। हाईवे बार- बार बंद किए जाने पर व्यापारी भड़क गए हैं।

एक सप्ताह पूर्व नेशनल हाईवे पर चट्टान गिरने से हुई दो लोगों की मौत के बाद एनएच ने खतरनाक चट्टानों को गिराने के लिए हाइवे को बंद किए जाने की मांग प्रशासन से की थी। प्रशासन ने 15 दिनों तक हाईवे बंद रखने की अनुमति दी है। पहले दो दिन 10 घंटे आवागमन बंद रहेगा। सोमवार से प्रात: 8.30 से दोपहर ढाई बजे तक वाहनों के संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। शनिवार को प्रात: आठ बजे हाईवे बंद कर दिया गया। पूर्व में सूचना दे दिए जाने के कारण अधिकांश वाहन आठ बजे से पहले गुरना क्षेत्र से क्रास हो गए। बाहर से आ रहे वाहनों को वाया थल होकर जिला मुख्यालय पहुंचना पड़ा। रविवार को भी यातायात इसी तरह संचालित होगा।

इधर बार- बार हाईवे बंद किए जाने पर उद्योग व्यापार मंडल ने गहरी नाराजगी जताई है। उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष शमशेर महर की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों ने कहा कि हाईवे बंद किए जाने से आम यात्रियों के साथ ही व्यापारियों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। त्योहारी सीजन में घर लौट रहे लोग परेशान हैं। बैठक में मांग की गई कि एनएच बंद किया जाना है तो इसकी टाइमिंग बदली जाए। मार्ग प्रात: दस बजे से अपराह्न तीन बजे तक और रात्रि आठ बजे से प्रात: पांच बजे तक बंद किया जाए और इस अवधि में तेजी से कार्य कराया जाए। बैठक में आशीष सौन, मनीष चौधरी, दिनेश कापड़ी, कैलाश जोशी, पवन पाटनी, कैलाश वर्मा आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी