विकास प्राधिकरण के नोटिस से भड़का संयुक्त संघर्ष मोर्चा

पिथौरागढ़ जिला विकास प्राधिकरण द्वारा 18 भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए जाने से आक्रोश बढ़ गया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Jun 2020 10:35 PM (IST) Updated:Wed, 01 Jul 2020 06:14 AM (IST)
विकास प्राधिकरण के नोटिस से भड़का संयुक्त संघर्ष मोर्चा
विकास प्राधिकरण के नोटिस से भड़का संयुक्त संघर्ष मोर्चा

पिथौरागढ़, जेएनएन : जिला विकास प्राधिकरण द्वारा 18 भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए जाने से संयुक्त संघर्ष मोर्चा भड़क गया है। मोर्चा ने इसे मानसिक उत्पीड़न की कार्रवाई करार देते हुए नोटिस वापस नहीं लिए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। सीमांत यूथ मोर्चा ने भी इसी मुद्दे पर विकास प्राधिकरण के खिलाफ प्रदर्शन किया।

संयुक्त संघर्ष मोर्चा के सह संयोजक चंद्रप्रकाश पुनेड़ा ने कहा है कि विकास प्राधिकरण को लेकर सीमांत जिले की जनता में पहले ही भारी विरोध है। पहाड़ की जनता से राय लिए बगैर ही प्राधिकरण थोपा गया है। प्राधिकरण तानाशाही रवैय का परिचय देकर भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर रहा है। इससे आम जनता में गहरा आक्रोश है। उन्होंने कहा है कि कोविड-19 के दौर में पहाड़ की जनता पहले ही परेशान है और प्राधिकरण ऐसे समय में नोटिस जारी कर लोगों का मानसिक उत्पीड़न कर रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा है कि नोटिस वापस नहीं लिए गए तो मोर्चा प्राधिकरण के खिलाफ सड़कों पर उतरने को बाध्य होगा।

इसी मामले में सीमांत यूथ मोर्चा ने मंगलवार को सिमलगैर बाजार में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्राधिकरण की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भवन स्वामियों को जारी नोटिस शीघ्र वापस लेने की मांग करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि नोटिस वापस नहीं लिए गए तो मोर्चा कार्यकर्ता प्राधिकरण कार्यालय के आगे धरने पर बैठ जायेंगे। प्रदर्शन का नेतृत्व सुशील खत्री ने किया।

chat bot
आपका साथी