पिथौरागढ़ नगर के 80 परिवारों के लिए नरक से कम नहीं है मानसून काल

नगर के कुमौड़ वार्ड में रहने वाले 80 परिवारों के लिए नरक से कम नहीं है मानसून काल।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 09:35 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 09:35 PM (IST)
पिथौरागढ़ नगर के 80 परिवारों के लिए नरक से कम नहीं है मानसून काल
पिथौरागढ़ नगर के 80 परिवारों के लिए नरक से कम नहीं है मानसून काल

संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: तमाम लोगों को जहां मानसून काल का इंतजार रहता है वहीं कुछ लोग मानसून की दस्तक से ही खौफ खाने लगते हैं। नगर के कुमौड़ वार्ड में रहने वाले 80 परिवार ऐसे ही लोगों में शामिल है, जिनके लिए इस काल में घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है। नगर में रहने के तमाम टैक्स चुका रहे ये लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए पिछले 18 वर्षो से गुहार लगा रहे हैं पर कोई सुनने को तैयार नहीं हैं।

कुमौड़ वार्ड के अंतर्गत खर्क क्षेत्र में स्थित न्यू कॉलोनी वर्ष 2003 में अस्तित्व में आई, यहां 80 लोगों ने अपने जीवन भर की गाढ़ी कमाई खर्च कर आशियाने बनाए हैं। कॉलोनी के लिए पैमाइशी रास्ता पूर्व से ही बना हुआ है। 2003 में इस रास्ते को पक्का किया गया, लेकिन नालियों का निर्माण नहीं किया गया। इसके बाद न्यू कालौनी की कोई सुध नहीं ली गई। रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। कालौनी में करीब 400 की जनसंख्या निवास करती है। इन दिनों हो रही बारिश से पूरा रास्ता कीचड़ से पट गया है, लोगों को बाजार आने के लिए भी खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। छोटे बच्चे और महिलाएं घरों से बाहर नहीं निकल पा रही हैं।

क्षेत्रवासी कई बार अपनी समस्या नगर पालिका के सम्मुख रख चुके हैं। अब अभी तक रास्ता, नाली निर्माण और सीवरेज लाइन बिछाने के लिए कोई पहल हुई है। सीवरेज लाइन बिछाने के लिए टेंडर लगे तीन माह पूरे हो चुके हैं, लेकिन विभाग ने अब तक काम शुरू नहीं किया है। परेशान परिवारों ने चेतावनी दी है उनकी समस्याएं नहीं सुनी जाती हैं तो वे कलक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठने को बाध्य होंगे। ======== न्यू कॉलोनी क्षेत्र में सीवरेज लाइन बिछाई जानी है। इसके टेंडर पेयजल निगम लगा चुका है। लाइन बिछाए जाने के बाद उसके ऊपर ही रास्ते और नालियों का निर्माण होना है। नगर पालिका सीवरेज लाइन बिछाए जाने का इंतजार कर रही है।

- मनोज दास, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका, पिथौरागढ़

chat bot
आपका साथी