आर्गेनिक अचार से महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहीं गंगा कार्की

पिथौरागढ़ जिले की गंगा कार्की आर्गेनिक अचार के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 09:45 PM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 09:45 PM (IST)
आर्गेनिक अचार से महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहीं गंगा कार्की
आर्गेनिक अचार से महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहीं गंगा कार्की

अर्जुन सिंह रावत, थल (पिथौरागढ़): जिले में कई महिलाएं बिना किसी सरकारी मदद के स्वरोजगार कर नई राह दिखा रही हैं। ऐसी ही महिलाओं में शामिल हैं थल के शशखेत गांव की गंगा कार्की। 10 हजार रुपये से कारोबार करने वाली गंगा अब पांच लाख रुपये सालाना का कारोबार अपने उत्पादन से कर रही हैं। उन्होंने क्षेत्र की पांच महिलाओं को रोजगार मुहैया कराया है। महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत गंगा का कहना है कि महिलाएं घर में ही तमाम रोजगार कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं।

तहसील थल से तीन किमी दूर ग्राम पंचायत लेपार्टी के शशखेत गांव निवासी गंगा कार्की ने वर्ष 2019 में अपने घर में गौरांशी होम मेड पिकल नाम से मात्र दस हजार रुपये से आर्गेनिक अचार बनाने का कारोबार शुरू किया। धीरे-धीरे उनके उत्पादों की डिमांड बढ़ती गई और फिर गंगा ने भी गांव की ही पांच महिलाओं को रोजगार देकर अपना कारोबार बढ़ा लिया। आज वह प्रतिवर्ष पांच लाख से अधिक का पहाड़ी आर्गेनिक आचार बेच रही हैं। इसके अलावा गंगा स्थानीय महिलाओं व युवतियों को निश्शुल्क अचार के साथ जैम बनाने का भी प्रशिक्षण दे रही हैं। घर के काम के साथ ही गांव में ही रोजगार मिलने पर महिलाएं काफी खुश हैं। इससे उनकी आजीविका में भी सुधार हो रहा है। आर्गेनिक पहाड़ी उत्पादों से बनाया गया अचार 150 से 220 रु पये तक बिकता है। =========== काश्तकारों को भी हो रहा मुनाफा गंगा कार्की ने बताया कि उनके द्वारा गौरांशी होम मेड पिकल में लहसुन, कटहल, क्वेराल, आम, तिमुल, अदरख, हरी मिर्च, लाल मिर्च, आंवला, गोबी, मूली का अचार बनाया जा रहा है। जब से इन पहाड़ी उत्पादों का अचार बनाने का काम शुरू किया गया है, तब से गांव के काश्तकारों द्वारा इन उत्पादों को ज्यादा मात्रा में उत्पादन किया जा रहा है। किसानों से अच्छे दामों में यह उत्पाद खरीदे जा रहे हैं। इससे उन्हें घर पर ही उत्पादों की अच्छी कीमत मिल जा रही है। ========= हल्द्वानी, रुद्रपुर तक तेजी से बढ़ रही डिमांड

पहाड़ी उत्पादों से बनाए गए अचार की डिमांड क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही है। गंगा ने बताया कि गौरांशी होम मेड की डिमांड पिथौरागढ़ सहित, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रपुर, हल्द्वानी से भी मिल रही है। इन क्षेत्रों में भी अचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा स्थानीय ग्रामीण क्षेत्रों में शादी-ब्याह, नामकरण सहित अन्य कार्यों के लिए लोग उनके अचार खरीदने यहां पहुंच रहे हैं। ========= गुणकारी औषधियुक्त है आर्गेनिक अचार

पहाड़ी उत्पादों से बने अचार तमाम तरह की बीमारियों के इलाज में रामबाण साबित होते हैं। करेला से बना अचार शुगर के लिए गुणकारी है। पहाड़ी लहसुन का अचार शुगर के साथ, हाथ-पांव, जोड़ों के दर्द के लिए उपयोगी व गुणकारी माना जाता है। अदरक का अचार पेट के लिए लाभदायक बताया जाता है।

chat bot
आपका साथी