पिथौरागढ़ के बेस अस्पताल में लगी सिटी स्कैन मशीन

सीमांत जिले पिथौरागढ़ के लोगों को अब सिटी स्कैन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 10:23 PM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 10:23 PM (IST)
पिथौरागढ़ के बेस अस्पताल में लगी सिटी स्कैन मशीन
पिथौरागढ़ के बेस अस्पताल में लगी सिटी स्कैन मशीन

संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: सीमांत जिले पिथौरागढ़ के लोगों को अब सिटी स्कैन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। जिले के बेस चिकित्सालय में सिटी स्कैन की सुविधा शुरू हो गई है। फिलहाल टेली रेडियोलॉजी के जरिए लोगों को रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाएगी। सीमांत जिले पिथौरागढ़ में कोरोना काल में सिटी स्कैन मंगाई गई थी। यह मशीन बेस चिकित्सालय में स्थापित की गई है। गुरुवार को बेस चिकित्सालय में सिटी स्कैन शुरू कर दिया गया है। सीएमओ डा. एचसी पंत ने बताया कि फिलहाल दिल्ली के एक चिकित्सक से टाईअप किया गया है। सिटी स्कैन करने के बाद इसे दिल्ली भेजा जाएगा जहां से टेली रेडियोलॉजी के जरिए रिपोर्ट बेस चिकित्सालय में उपलब्ध हो जाएगी। सीएमओ डा. पंत ने बताया कि सिटी स्कैन का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री करेंगे। तब तक मरीजों को यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क दी जाएगी। बेस चिकित्सालय में यह सुविधा उपलब्ध हो जाने से अब जिले के लोगों को सिटी स्कैन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। अभी तक जिला मुख्यालय के सिर्फ एक निजी चिकित्सालय में यह सुविधा उपलब्ध है।

========== झोलाखेत खेल मैदान में अब नहीं भरेगा पानी

पिथौरागढ़: झोलाखेत खेल मैदान में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को अब मैदान में पानी भरने की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। प्रदेश के पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल की पहल पर मैदान में नाली निर्माण का कार्य शुरू हो गया है।

रियांसी गांव के खेल मैदान में वर्ष भर खेल गतिविधियां आयोजित होती रहती हैं। बड़ी आबादी के लिए क्षेत्र में यही एकमात्र खेल मैदान है। मैदान में नाली निकासी के इंतजाम नहीं होने से वर्षाकाल में मैदान में पानी भर जाने की समस्या खड़ी हो जाती है। जिसके चलते खेल गतिविधियां तो प्रभावित होती ही हैं अभ्यास करने वाले युवाओं को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र के युवाओं ने यह समस्या प्रदेश के पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल के सम्मुख रखी थी।

पेयजल मंत्री ने युवाओं की समस्या को देखते हुए खेल मैदान में पानी निकासी के लिए नाली निर्माण की स्वीकृति दी। नाली निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। पेयजल मंत्री चुफाल ने कहा है कि नाली निर्माण के बाद मैदान में पानी भरने की समस्या नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार युवा विकास के लिए तमाम कार्य कर रही है। क्षेत्रवासियों ने पेयजल मंत्री का आभार जताया है।

chat bot
आपका साथी