जिला मुख्यालय में लकड़ी टाल का निर्माण कार्य शुरू

पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय में लकड़ी टाल का निर्माण सोमवार को शुरू हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 09:55 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 09:55 PM (IST)
जिला मुख्यालय में लकड़ी टाल का निर्माण कार्य शुरू
जिला मुख्यालय में लकड़ी टाल का निर्माण कार्य शुरू

संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : जिला मुख्यालय में लकड़ी टाल का निर्माण सोमवार को शुरू हो गया। टाल निर्माण का मामला पिछले चार वर्ष से लटका हुआ था। लकड़ी के लिए अब यहां लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा।

जिला मुख्यालय स्थित लकड़ी टाल को मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण के चलते हटाना पड़ा था। चार वर्ष से मुख्यालय में लकड़ी का टाल नहीं होने के चलते लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उद्योग व्यापार मंडल सहित तमाम संगठन लकड़ी टाल खोले जाने की मांग कर रहे थे। शासन ने परेशानी को देखते हुए ऐंचोली में लकड़ी टाल की स्वीकृति दी थी। इसके लिए 25 लाख की धनराशि भी स्वीकृत की गई थी। निर्माण कार्य का जिम्मा हल्द्वानी मंडी परिषद को सौंपा गया था। मंडी परिषद द्वारा असमर्थता जता दिए जाने से मामला फिर लटक गया था। शासन ने इसके बाद लकड़ी टाल निर्माण का दायित्व मंडी परिषद से वापस लेकर वन विकास निगम को सौंप दिया था।

वन निगम ने सोमवार को नगर के प्रवेश द्वार ऐंचोली के समीप टाल निर्माण का कार्य शुरू कर दिया। पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को जल्द से जल्द टाल का निर्माण करने को कहा। इधर डीएलएम महेश चंद्र आर्या ने कहा है कि टाल का निर्माण शुरू कर दिया गया है, इसे जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा। टाल निर्माण शुरू होने पर स्वर्णकार संघ के सुनील वर्मा ने कहा कि अब जिला मुख्यालय की जनता को लकड़ी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। लोगों को आसानी से लकड़ी उपलब्ध हो जाएगी।

chat bot
आपका साथी