भूख हड़ताल पर बैठे पांच आउटसोर्स कर्मचारियों की हालत बिगड़ी

काम पर वापस लिए जाने और बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे आउटसोर्स कर्मियों की तबीयत बिगड़ गई।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 09:14 PM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 09:14 PM (IST)
भूख हड़ताल पर बैठे पांच आउटसोर्स कर्मचारियों की हालत बिगड़ी
भूख हड़ताल पर बैठे पांच आउटसोर्स कर्मचारियों की हालत बिगड़ी

संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: काम पर वापस लिए जाने और बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे पांच आउटसोर्स कर्मियों का स्वास्थ्य बुधवार को बिगड़ गया। दो कर्मचारियों के अनशन स्थल पर बेहोश हो जाने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने पांच कर्मचारियों को अस्पताल पहुंचाया। दो कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

कोविड काल में व्यवस्थाओं के संचालन के लिए कई कर्मचारियों को स्वास्थ विभाग में आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से तैनाती दी गई थी। दो माह पूर्व इन कर्मचारियों को बगैर किसी नोटिस के काम से हटा दिया गया। काम से हटाने से पूर्व कर्मचारियों को तीन माह का मानदेय भी नहीं दिया गया। कर्मचारी काम पर वापस लेने और बकाया भुगतान की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। पिछले माह भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को विधायक चंद्रा पंत ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर अनशन से उठाया था, मांग पूरी नहीं होने पर पांच दिन पूर्व फिर अनशन पर बैठ गए थे।

बुधवार को पांचवें रोज पांच अनशनकारियों की हालत बिगड़ गई। दो अनशनकारी अनशन स्थल पर ही बेहोश हो गए। तहसीलदार पंकज चंदोला मौके पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। कर्मचारी दीपा राणा और डिगर सिंह खड़ायत की खराब हालत को देखते हुए अस्पताल में भर्ती किया गया है। तीन अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। तहसीलदार पंकज चंदोला ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों ने भूख हड़ताल खत्म कर दी। कर्मचारियों ने कहा है कि उन्होंने हड़ताल खत्म नहीं की हैं। मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

chat bot
आपका साथी