देहरादून में पीएम नहीं, भाजपा नेता बनकर आए थे नरेन्द्र मोदी

जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल: भाजपा जुमलों की राजनीति करती है और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 07:00 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 07:00 PM (IST)
देहरादून में पीएम नहीं, भाजपा नेता बनकर आए थे नरेन्द्र मोदी
देहरादून में पीएम नहीं, भाजपा नेता बनकर आए थे नरेन्द्र मोदी

जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल: भाजपा जुमलों की राजनीति करती है और जनता को गुमराह करने का प्रयास करती है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि नरेन्द्र मोदी एक प्रधानमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि भाजपा नेता के रूप में देहरादून पहुंचे थे। कहा कि कांग्रेस सरकार की योजनाओं का नाम बदलकर भाजपा वोटों की खेती कर रही है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन और चारधाम सड़क परियोजना दोनों 2014 से पहले की तत्कालीन यूपीए सरकार की योजनाएं हैं। 2014 से 2016 के बीच भाजपा चुप रही और 2016 में इसे आलवेदर रोड परियोजना का नाम दे दिया गया।

शनिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल श्रीनगर में पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा जुमलों और झूठ के साथ जनता को गुमराह करती है, जिसे कांग्रेस अब पूरी तरह बेनकाब करेगी। कहा कि देहरादून में रैली के दौरान प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड को कुछ नहीं दिया। इससे जनता, विशेषकर युवा मायूस हैं।

देहरादून से दिल्ली तक बनने वाले आर्थिक गलियारे को लेकर गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा यह बताए कि इससे उत्तराखंड को क्या लाभ मिलने वाला है। जबकि, योजना का 99 प्रतिशत क्षेत्र और उससे मिलने वाला लाभ उप्र को है। अब चुनाव के समय प्रधानमंत्री को पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी याद आने लगा है। उप्र की तरह उत्तराखंड में भी कांग्रेस चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट क्या महिलाओं को देगी। इस पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का यह निर्णय अभी उत्तराखंड के लिए नहीं है। लेकिन, चुनाव जीतने की स्थिति रखने वाली अधिकांश महिलाओं को पार्टी टिकट देगी।

बाजपुर में पूर्व मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य पर जानलेवा हमले से आक्रोशित गणेश गोदियाल ने कहा कि रविवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और वह खुद मुख्यमंत्री आवास के सम्मुख दोषियों की गिरफ्तारी होने तक धरना देंगे। प्रधानमंत्री की ओर से गढ़वाली में भाषण शुरू करने पर उन्होंने कहा कि, हम तो रोज गढ़वाली में ही बात करते हैं। इस दौरान श्रीनगर कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र पुंडीर, वीरेंद्र सिंह नेगी, लाल सिंह के साथ ही कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता भी पत्रकार वार्ता में मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी