जाम में फंसा जन, चालान में व्यस्त पुलिस

जागरण संवाददाता, कोटद्वार: वीक एंड पर जहां शहर की सड़कों में बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की कत

By JagranEdited By: Publish:Sat, 21 Aug 2021 10:44 PM (IST) Updated:Sat, 21 Aug 2021 10:44 PM (IST)
जाम में फंसा जन, चालान में व्यस्त पुलिस
जाम में फंसा जन, चालान में व्यस्त पुलिस

जागरण संवाददाता, कोटद्वार:

वीक एंड पर जहां शहर की सड़कों में बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की कतार नजर आई, वहीं रविवार को रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खरीदारी के लिए आमजन की भीड़ भी सड़कों पर उमड़ी। नतीजा, राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही शहर के तमाम मार्गों पर जाम नजर आया। हैरानी की बात यह रही कि जिस यातायात पुलिस को जाम खुलवाने के लिए मोर्चा संभालना था, वह शहर से दूर चालान में व्यस्त नजर आई।

शनिवार को शहर के भीतर शायद ही कोई ऐसी सड़क रही हो, जहां वाहन जाम में न फंसे नजर आए हों। राष्ट्रीय राजमार्ग की बात करें तो झंडा चौक पर एक पुलिस कर्मी जाम से जूझता नजर आया, जबकि सिनेमा रोड तिराहे पर वाहन चालक स्वयं ही जाम खुलवाते दिखे। समस्या नजीबाबाद चौक पर लगी ट्रैफिक लाइट के कारण और अधिक बढ़ गई। दरअसल, यातायात पुलिस ने इस ट्रैफिक लाइट में रूकने का समय करीब डेढ़ मिनट का रखा है, जबकि चलने का समय करीब एक मिनट का है। नतीजा, सुबह से ही ट्रैफिक लाइट पर वाहनों की कतार बढ़ने लगी और दोपहर होने तक स्थिति बद से बदतर हो गई। हालात यह रहे कि इस ट्रैफिक लाइट के कारण झंडा चौक तक जाम लग गया। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान नजीबाबाद चौक पर यातायात पुलिस का कोई कर्मी नजर नहीं आया। बताया गया कि यातायात पुलिस की टीम देवी रोड क्षेत्र में दोपहिया वाहनों के हेलमेट चेक करने गई है। हालांकि, दोपहर बाद कर्मी चौक में पहुंचे और ट्रैफिक लाइट को बंद कर स्वयं ट्रैफिक व्यवस्था संभाली, जिसके बाद हालात सुधरते नजर आए। अवैध पार्किंग ने बढ़ाई मुसीबत

गैरेज रोड, मीट मार्केट मार्ग, सिनेमा रोड, पटेल मार्ग में मैक्स वाहनों की पार्किंग के कारण सिनेमा रोड तिराहे पर वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। रही-सही कसर पटेल मार्ग पर लगने वाली अवैध सब्जी मंडी ने पूरी कर दी। हालात यह थे कि 108 आकस्मिक चिकित्सा वाहन भी करीब आधा घंटा इस जाम में फंसा रहा। इस दौरान इस तिराहे पर न तो कोई पुलिस कर्मी नजर आया और न ही कोई पीआरडी व होमगार्ड का जवान दिखा। वाहन चालक के साथ ही कुछ स्थानीय जन जाम खुलवाने का प्रयास करते नजर आए। संदेश : 21 कोटपी 5

कोटद्वार में गैरेज रोड पर लगे जाम में फंसे वाहन 21 कोटपी 6

राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे जाम के कारण झंडाचौक से नजीबाबाद चौक के मध्य लगी वाहनों की लंबी कतार

chat bot
आपका साथी