पाबौ ब्लॉक में ही रहेगी ग्राम पंचायत मरोड़ा

जनपद की ग्राम पंचायत मरोड़ा अब विकासखंड पाबौ में ही रहेगी।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Oct 2020 05:49 PM (IST) Updated:Tue, 27 Oct 2020 05:49 PM (IST)
पाबौ ब्लॉक में ही रहेगी ग्राम पंचायत मरोड़ा
पाबौ ब्लॉक में ही रहेगी ग्राम पंचायत मरोड़ा

जागरण संवाददाता, पौड़ी: जनपद की ग्राम पंचायत मरोड़ा अब विकासखंड पाबौ में ही रहेगी। परिसीमन के दौरान इस ग्राम पंचायत को खिर्सू ब्लाक में शामिल कर लिया गया था। जिसका पूर्व में ग्रामीणों ने पुरजोर विरोध किया। इतना ही नहीं स्थानीय विधायक से गुहार लगाने के बाद पंचायत चुनावों का पूर्ण बहिष्कार किया था। अब उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद पंचायतीराज विभाग ने मरोड़ा को वापस पाबौ ब्लाक में शामिल किए जाने की स्वीकृति के बाद जिलाधिकारी ने आदेश जारी कर दिए हैं।

2019 में परिसीमन के बाद ब्लाक पाबौ की ग्राम पंचायत मरोड़ा को खिर्सू ब्लाक में शामिल कर लिया गया था। ग्रामीणों ने भौगोलिक दूरी सहित विभिन्न समस्याओं का हवाला देते हुए पंचायतीराज विभाग की इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया था। ग्रामीणों का कहना था कि ग्रामीणों को बिना पूछे ही पंचायत को एक ब्लाक से दूसरे ब्लाक में शामिल किया गया है। जो जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ है। पूर्व ग्राम प्रधान प्रभुदयाल सिंह बिष्ट, प्रेम बल्लभ पंत, जर्नादन रावत, धन सिंह डंगवाल, जितेंद्र सिंह बिष्ट ने पंचायत को खिर्सू ब्लाक में शामिल किए जाने का विरोध करते हुए तथ्यों के साथ अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि पंचायत पाबौ से मात्र 9 किमी की दूरी पर स्थित है। जबकि खिर्सू 16 किमी दूर है। वहां तक पहुंचने के लिए संपूर्ण रास्ता घने जंगलों के बीच से होकर जाता है। पंचायत को 26 किमी दूर स्थित न्याय पंचायत पोखरी में रखा गया। ग्रामीणों ने कहा कि विरोध के रुप में सबसे पहले पंचायतीराज विभाग में मामले को लेकर आपत्ति दर्ज की गई। लेकिन कुछ नहीं हुआ। इसके बाद धरना-प्रदर्शन किए जाने के साथ ही स्थानीय विधायक व प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री से भी गुहार लगाई गई। अक्टूबर 2019 में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव का मरोड़ा में बहिष्कार किया गया। पूर्व प्रधान प्रभुदयाल सिंह बिष्ट ने उच्च न्यायालय में पंचायतीराज विभाग के खिलाफ याचिका दायर की। न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद पंचायतीराज विभाग के सचिव ने ग्रामीणों के एक प्रतिनधि मंडल से वार्ता के बाद ग्राम पंचायत मरोड़ा को वापस पाबौ में शामिल किए जाने का निर्णय लिया है। डीपीआरओ पौड़ी एमएम खान ने बताया कि सचिव पंचायतीराज विभाग उत्तराखंड शासन के आदेश के अनुपालन में जिलाधिकारी पौड़ी धीराज सिंह गब्र्याल ने ग्राम पंचायत मरोड़ा को वापस पाबौ में शामिल किए जाने का आदेश जारी कर दिया है।

chat bot
आपका साथी