पौड़ी की प्राकृतिक सुंदरता के कायल हुए राज्यपाल

पहली बार पौड़ी आए लेफ्टिनेट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह पौड़ी की प्राकृतिक सुंदरता के कायल दिखे। गुरुवार को उन्होंने सर्किट हाउस में विभागों और महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर उत्पादों की प्रशंसा भी की।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 10:28 PM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 10:28 PM (IST)
पौड़ी की प्राकृतिक सुंदरता के कायल हुए राज्यपाल
पौड़ी की प्राकृतिक सुंदरता के कायल हुए राज्यपाल

जागरण संवाददाता, पौड़ी: पहली बार पौड़ी आए लेफ्टिनेट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह पौड़ी की प्राकृतिक सुंदरता के कायल दिखे। गुरुवार को उन्होंने सर्किट हाउस में विभागों और महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर उत्पादों की प्रशंसा भी की। इस दौरान उन्होंने यहां माल्टा और बुरांश के पौधे भी रोपे। स्वयं सहायता समूह और किसानों से भेंटकर राज्यपाल देहरादून लौट गए।

सर्किट हाउस में स्टालों के निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने समूहों के उत्पादों की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को और भी बढ़ावा देने की जरूरत है ताकि आमदानी बढ़ सके। राज्यपाल ने रेडक्रास सोसाइटी के स्टाल के निरीक्षण के बाद निर्वाचन विभाग की ओर से लगाए गए मतदाता जागरूकता स्टाल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता स्कूली बच्चे, स्काउट गाइड तथा अधिकारियों को मतदान की शपथ दिलाई और अपने नाम की पर्ची मटके में डाली। उन्होंने मतदाता जागरूकता के लिए चलाई जा रही इस अभिनव पहल के लिए जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे की सराहना भी की। राज्यपाल ने कृषि, उद्यान, डेयरी विभाग, पशुपालन, मत्स्य, स्वास्थ्य, बाल विकास, नेहरू युवा केंद्र की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कृषि विभाग के कृषि यंत्रों, पहाड़ी दालों, पहाड़ी सब्जियों, मशरूम आदि की प्रशंसा भी की। डेयरी व पोल्ट्री के क्षेत्र में उन्नत कार्य कर रहे उद्यमी चंदोला रांई निवासी सुमन चंदोला को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उन्होंने राजभवन आने का न्योता दिया। इसके बाद राज्यपाल ने स्वयं सहायता समूहों, एनआरएलएम व सीएलएफ की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने पहाड़ी उत्पादों व स्वयं सहायता समूहों की ओर से बनाए जा रहे पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद लिया। राज्यपाल ने कहा कि पहाड़ी व्यंजनों व स्थानीय नमक को देश-प्रदेश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी निर्यात करने का लक्ष्य बनाएं ताकि पहाड़ी संस्कृति को और अधिक प्रचारित किया जा सके। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से यहां बने व्यंजन व उत्पादों को राजभवन में आने वाले अथितियों को उपहार स्वरूप दिए जाने की बात कही। स्टालों के निरीक्षण के बाद राज्यपाल ने पर्यटन विभाग पौड़ी के तत्वावधान में आयोजित मांउटेन बाइकिग रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे, एसएसपी. पी. रेणुका देवी, मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत कुमार आर्य, चिकित्साधिकारी डा. प्रवीण कुमार, एडीएम ईला गिरि, एसडीएम आशीष जोशी, डीडीओ वेदप्रकाश, डीएचओ डा. नरेंद्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एसके बर्तवाल, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, डीपीआरओ एमएम खान आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी