चार घंटे बारिश से शहर हुआ पानी-पानी

सोमवार सुबह हुई बारिश से पूरा शहर पानी-पानी हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 09 Aug 2021 10:04 PM (IST) Updated:Mon, 09 Aug 2021 10:04 PM (IST)
चार घंटे बारिश से शहर हुआ पानी-पानी
चार घंटे बारिश से शहर हुआ पानी-पानी

संवाद सहयोगी, कोटद्वार: सोमवार सुबह हुई बारिश से पूरा शहर पानी-पानी हो गया। जगह-जगह जलभराव की स्थिति देखने को मिली। बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर पर आ गए। वहीं, रविवार शाम कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य पांचवें मील के समीप बरसाती नाले में मलबा आने से करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।

सोमवार सुबह छह बजे से ही कोटद्वार क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया था। करीब आठ बजे अचानक बारिश तेज होने लगी। करीब दो घंटे तक लगातार चली भारी बारिश से पूरा शहर पानी-पानी हो गया। शहर के झंडाचौक, स्टेशन रोड व देवी रोड में सबसे अधिक जलभराव की स्थिति देखने को मिली। दुकानों के बाहर दोपहर तक पानी जमा रहा। कई व्यापारी डंडों से चोक नालियों को खोलते हुए भी नजर आए। खोह, सुखरो व पनियाली गदेरे में अचानक जलस्तर बढ़ जाने से आसपास के परिवार दहशत में आ गए। सिम्मलचौड़ में सुखरो नदी के आसपास कई स्थानों पर भूमि कटान भी हुआ। उधर, सिगड्डी स्रोत के उफान पर आने के कारण क्षेत्र में भूमि कटाव हुआ। वहीं, रविवार देर शाम राष्ट्रीय राजमार्ग कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य पांचवें मील के समीप बना बरसाती नाले में मलबा आ गया। लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी की मदद से मलबे को हटाने का कार्य किया। इस दौरान करीब दो घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।

पुश्ता ढहा, आवास पर खतरा

पाटीसैंण : पाटीसैंण बाजार में सड़क सुरक्षा के लिए बनाया गया पुश्ता बीती रात ढह गया। इस भूस्खलन के कारण वीरेंद्र सिंह के आवास पर खतरा मंडरा गया। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की ओर से करीब छह माह पूर्व ही इस पुश्ते का निर्माण किया गया था। जिस वक्त पुश्ता गिरा, उस दौरान सड़क में वाहनों की आवाजाही नहीं थी। नतीजा, कोई दुर्घटना नहीं हुई। बारिश के कारण पाटीसैंण-तछवाड़, बौंसाल-भेटी, नौगांवखाल-तूनाखाल मोटर मार्ग बाधित हुए।

chat bot
आपका साथी