अतिक्रमण पर डोजर चलाने की तैयारी में निगम

जागरण संवाददाता, कोटद्वार: नगर निगम एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए अतिक्रमण को हटाने की तैयारी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 05:06 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 05:06 PM (IST)
अतिक्रमण पर डोजर चलाने की तैयारी में निगम
अतिक्रमण पर डोजर चलाने की तैयारी में निगम

जागरण संवाददाता, कोटद्वार: नगर निगम एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए अतिक्रमण को हटाने की तैयारी में है। मई में निगम की जेसीबी एक बार फिर अतिक्रमण पर गरज सकती है। दरअसल, नगर निगम ने उच्च न्यायालय की ओर से जारी निर्देशों के बाद अतिक्रमण की जद में आए व्यापारियों के दस्तावेजों की जांच पूर्ण कर ली है।

बताते चलें कि बीते वर्ष 18 नवंबर को उच्च न्यायालय ने कोटद्वार में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे फुटपाथ/बरामदों को खाली करने के निर्देश जारी किए। कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति की ओर से दायर जनहित याचिका में न्यायालय ने यह निर्णय सुनाया। न्यायालय के जारी आदेशों के आधार पर नगर निगम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे फुटपाथ/बरामदों पर पसरे अतिक्रमण को चिह्नित करना शुरू कर दिया। मालवीय उद्यान से नजीबाबाद चौक के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर 137 अतिक्रमण चिह्नित किए गए। 16 दिसंबर से नगर निगम ने प्रशासन के सहयोग से सड़कों में पसरा अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। साथ ही मालवीय उद्यान से बेस चिकित्सालय के मध्य 30 अन्य अतिक्रमण चिह्नित करते हुए उन्हें भी नोटिस जारी कर दिए।

व्यापारियों का आरोप था कि निगम ने कार्रवाई से पूर्व उनका पक्ष जानने का प्रयास नहीं किया। नगर निगम की कार्रवाई जारी रही, जिसके बाद कुछ व्यापारियों ने उच्चतम न्यायालय की शरण की। उच्चतम न्यायालय ने उच्च न्यायालय को व्यापारियों का पक्ष सुनने के निर्देश दिए। इसके बाद बीती 25 फरवरी को उच्च न्यायालय ने व्यापारियों का पक्ष सुना। न्यायालय ने नगर निगम को निर्देशित किया कि पंद्रह दिन के भीतर अतिक्रमण की जद में आए व्यापारियों को नोटिस जारी करे व उसके बाद उनका पक्ष सुने। पूरी कार्रवाई के लिए नगर निगम को दो माह का समय दिया गया। नगर आयुक्त पीएम शाह ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देश पर 75 व्यापारियों को नोटिस जारी कर उनका पक्ष सुना गया। बताया कि सुनवाई की कार्यवाही पूर्ण कर दी गई है। जल्द ही न्यायालय के निर्देशानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

संदेश : 23 कोटपी 1

कोटद्वार में नगर निगम की ओर से बीते नवंबर माह में अतिक्रमण पर लगाया गया निशान

chat bot
आपका साथी