एक हॉस्टल छात्रा कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप

गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में यमुना छात्रावास में रह रही एक छात्रा के कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Sep 2020 10:10 PM (IST) Updated:Sun, 20 Sep 2020 05:10 AM (IST)
एक हॉस्टल छात्रा कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप
एक हॉस्टल छात्रा कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप

जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल: गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में यमुना छात्रावास में रह रही एक छात्रा के कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया। छात्रा एमएससी गणित चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा देने कठुआ (जम्मू एवं कश्मीर) से श्रीनगर गढ़वाल आई थी। जम्मू से वह अपनी कोरोना निगेटिव की रिपोर्ट साथ में लाई थी।

बीते 12 सितंबर को चौरास परिसर हॉस्टल पहुंचने से पूर्व कीर्तिनगर प्रशासन की ओर से उसका कोरोना सैंपल लिया गया। शुक्रवार देर शाम इस छात्रा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। इस पर उसे तत्काल प्रभाव से अलग कमरे में आइसोलेट कर दिया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से उसके स्वजनों को भी सूचना दी जा रही है। यमुना हॉस्टल में रह रही 23 अन्य छात्राओं की शनिवार को कीर्तिनगर से आई मेडिकल टीम की ओर से कोरोना जांच को लेकर उनके सैंपल लिए गए। इन सभी छात्राओं की जांच रिपोर्ट आने तक उन्हें हॉस्टल में ही क्वारंटाइन रहने के निर्देश भी दिए गए हैं। हर छात्रा एक-एक कमरे में रह रही है। नायब तहसीलदार कीर्तिनगर के नेतृत्व में कीर्तिनगर प्रशासन की टीम ने भी हॉस्टल पहुंचकर जायजा लिया। विश्वविद्यालय के मुख्य छात्रावास अधीक्षक प्रो. मोहन पंवार तड़के छह बजे से ही हॉस्टल में व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करवा रहे थे।

इससे पूर्व तीन रोज पहले भी उत्तर पूर्व से आया एक छात्र कोरोना पॉजिटिव निकल चुका है। श्रीनगर पहुंचने पर उसने स्वयं सीधे बेस अस्पताल में अपना सैंपल दिया था। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर वह बेस अस्पताल में भर्ती भी हो गया। विश्वविद्यालय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार जो छात्र-छात्रा किसी कारणवश इस समय परीक्षा में शामिल नहीं हो पा रहे हों अथवा कोरोना पॉजिटिव निकलने के कारण परीक्षा नहीं दे पाएंगे, उनके लिए बाद में परीक्षा आयोजित की जाएगी।

chat bot
आपका साथी