कूड़ा निस्तारण को लेकर डीएम और पालिकाध्यक्ष में तकरार

मुख्यालय में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच सोमवार को कूड़ा उठवाने की वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे व नगर पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम आमने-सामने आ गए।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 06:29 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 11:25 PM (IST)
कूड़ा निस्तारण को लेकर डीएम और पालिकाध्यक्ष में तकरार
कूड़ा निस्तारण को लेकर डीएम और पालिकाध्यक्ष में तकरार

जागरण संवाददाता, पौड़ी: मुख्यालय में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच सोमवार को कूड़ा उठवाने की वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे व नगर पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम आमने-सामने आ गए। कुछ देर आपस में तकरार भी हुई। इस सब के बीच सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर अब परेशानी का सबब बनने लगे हैं।

दरअसल हुआ यूं कि कारगिल दिवस के मौके पर एजेंसी चौक के समीप सुबह के वक्त शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम रखा गया था। यहां विधायक मुकेश कोली, जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे, नगर पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम के अलावा काफी संख्या में पूर्व सैनिक आए हुए थे। कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद जिलाधिकारी ने पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते पैदा हो रहे हालात को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कूड़ा उठवाने की बात कही। जिस पर पालिकाध्यक्ष बेनाम ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांगों का निराकरण पालिका स्तर से नहीं होना है। कहा कि यह शासन स्तर का मामला है और प्रदेशव्यापी हड़ताल है। इसी सफाई व्यवस्था को लेकर मौके पर ही कुछ देर तकरार भी होती दिखी। बेनाम ने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में सभी ने सफाई कर्मचारियों को हीरो बनाकर सम्मानित किया, लेकिन आज उनकी न्यायोचित मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कहा जिला प्रशासन पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों को धमकाने का भी काम कर रहा है। मामले में बीचबचाव को आए विधायक मुकेश कोली से पालिकाध्यक्ष बेनाम ने कहा कि कर्मचारी भाजपा की जिला कार्यसमिति की बैठक में ज्ञापन देने गए, लेकिन किसी ने भी उनका ज्ञापन नहीं लिया। डीएम विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहर में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सफाई की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए पालिकाध्यक्ष से बातचीत हुई है। कहा कि तकरार वाली कोई बात नहीं हुई।

chat bot
आपका साथी