सत्ता में आते ही भाजपा अपने चुनावी वायदे भूल गई

आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक लक्ष्मण सिंह रावत ने गुरुवार को श्रीनगर पहुंचकर पार्टी कार्यकत्र्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की स्थिति का आंकलन भी किया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 18 Nov 2021 05:39 PM (IST) Updated:Thu, 18 Nov 2021 05:39 PM (IST)
सत्ता में आते ही भाजपा अपने चुनावी वायदे भूल गई
सत्ता में आते ही भाजपा अपने चुनावी वायदे भूल गई

जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल : आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक लक्ष्मण सिंह रावत ने गुरुवार को श्रीनगर पहुंचकर पार्टी कार्यकत्र्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की स्थिति का आंकलन भी किया। उन्होंने कहा कि 2017 के चुनाव में भाजपा ने जनता से जो वायदे किए थे उन चुनावी वायदों को वह सत्ता में आते ही भूल गई। भाजपा सरकार की नाकामियों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य कांग्रेसजन करेंगे।

जीएमवीएन सभागार में आयोजित इस बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक ने सभी कांग्रेसियों से एकजुट होकर चुनाव के लिए कार्य करने का आह््वान किया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता इस बार सत्ता परिवर्तन का मन पूरी तरह बना चुकी है। रोज बढ़ती महंगाई से गरीब और आम आदमी का जीना दूभर हो गया है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद नेगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने बेरोजगार युवाओं को दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर किया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि पौड़ी जिले की सभी छह सीटों पर कांग्रेस जीत हासिल करेगी। श्रीनगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह पुंडीर ने भाजपा पर जमकर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा और उसकी सरकार ने प्रदेश को 20 साल पीछे धकेलने का काम किया है। भाजपा नेताओं ने झूठे सपने दिखाकर जनता को गुमराह किया। मीडिया प्रभारी लाल सिंह नेगी, पीसीसी सदस्य वीरेंद्र सिंह नेगी, एडवोकेट महेंद्रपाल सिंह रावत, सतीश पटवाल, पूर्व सभासद भगत सिंह डागर, उमेद सिंह मेहरा, मीना रावत के साथ ही पार्टी के अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता भी बैठक में मौजूद थे। इससे पूर्व कांग्रेस पर्यवेक्षक लक्ष्मण सिंह रावत के श्रीनगर पहुंचने पर श्रीनगर कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह पुंडीर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत भी किया।

chat bot
आपका साथी