रफ्तार में बाइकर्स, हवा में नियम

न ही नियमों की जानकारी और न ही कानून का डर। शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे बाइकर्स कब किसी की जान पर भारी पड़ जाएं कुछ कहा नहीं जा सकता।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 28 Jan 2021 10:52 PM (IST) Updated:Thu, 28 Jan 2021 10:52 PM (IST)
रफ्तार में बाइकर्स, हवा में नियम
रफ्तार में बाइकर्स, हवा में नियम

संवाद सहयोगी, कोटद्वार: न ही नियमों की जानकारी और न ही कानून का डर। शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे बाइकर्स कब किसी की जान पर भारी पड़ जाएं, कुछ कहा नहीं जा सकता। चौराहे पर खड़ी पुलिस इन बाइकर्स को देखने के बाद भी नजरअंदाज कर देती है।

कोटद्वार के राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में शायद ही कोई ऐसा दिन हो, जब बाइक दुर्घटना के घायल चिकित्सालय में न पहुंचते हों। दरअसल, क्षेत्र में बाइकर्स तेज रफ्तार से लहराते हुए सड़कों पर बाइक दौड़ाते हैं, जिससे राहगीरों का चोटिल होना तय है। इन बाइकर्स की तेज रफ्तार का ही परिणाम है कि बुजुर्गों ने सुबह व शाम की सैर पर निकलना भी छोड़ दिया है। भीड़ वाले क्षेत्र में बाइकर्स सबसे अधिक तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाते हैं।

नशेड़ी बन रहे परेशानी का सबब

इन दिनों युवाओं में नशे का काफी अधिक प्रचलन हो गया है। स्मैक सहित अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने के बाद युवा न सिर्फ बाइक पर स्टंट करते नजर आते हैं, बल्कि भरी सड़कों पर बाइक रेस करते भी देखे जा सकते हैं। सबसे अधिक बाइकर्स रामणी-पुलिडा मार्ग, सिद्धबली मार्ग व कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य स्टंट करते हैं।

हाल में हुई दुर्घटनाएं

- दो दिसंबर 2020 की शाम एक बाइकर्स ने तड़ियाल चौक के समीप सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी थी। व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बाइकर्स को उपचार के लिए बेस अस्पताल लाया गया।

- 25 दिसंबर 2020 की सुबह करीब छह बजे देवी रोड पर एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया था। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया।

- पांच जनवरी 2021 को बदरीनाथ मार्ग में एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने राह चलती एक महिला को टक्कर मार दी थी। महिला को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।

..........

शहरवासियों को यातायात नियमों का पालन करवाने के लिए समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। बकायदा पुलिस स्कूल व कॉलेज में पहुंचकर बच्चों से वाहन धीरे चलाने की भी अपील करती है। तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अनिल जोशी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, कोटद्वार

chat bot
आपका साथी