बदहाल व्यवस्था, जाम हुआ शहर
संवाद सहयोगी, कोटद्वार: यातायात पुलिस के लाख प्रयासों के बाद भी शहर में यातायात व्यवस्था सुधरने का न
संवाद सहयोगी, कोटद्वार: यातायात पुलिस के लाख प्रयासों के बाद भी शहर में यातायात व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही। स्थिति यह है कि सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही मुख्य सड़कों पर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। वाहन चालक घंटों धूप में खड़े रहकर जाम खुलने का इंतजार करते रहे।
कोटद्वार शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। इंटरसेप्टर वाहन से लैस यातायात पुलिस को कुछ दिन पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने वाहन उठाने के लिए क्रेन भी उपलब्ध करवा दी है। यातायात में तैनात पांच से अधिक पुलिस कर्मी व होमगार्ड हर समय शहर के मुख्य चौराहों पर तैनात रहते हैं। बावजूद इसके शहर की यातायात व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रहे।
सोमवार सुबह जैसे ही बाजार खुला पूरा शहर वाहनों से जाम हो गया। दोपहर करीब एक बजे तक वाहन कछुआ चाल से चलते रहे। लकड़ीपड़ाव निवासी हिमांशु रावत, अंकित नेगी ने बताया कि सबसे बुरी स्थिति नजीबाबाद रोड, बदरीनाथ मार्ग, स्टेशन रोड व मालगोदाम रोड की बनी हुई है। चौपहिया वाहनों में बाजार आने वाले अधिकांश व्यक्ति अपने वाहनों को सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़ा कर देते हैं। पुलिस केवल दोपहिया चालकों के खिलाफ ही कार्रवाई करती है। जबकि, चौपहिया व रेहड़ी-ठेलियों की ओर उनका ध्यान नहीं जाता।
हाईवे पर पार्किंग का विरोध
शहर के अधिकांश व्यक्तियों ने नगर निगम से झंडाचौक तक बीच सड़क में बनाई गई पार्किंग का विरोध किया है। सिताबपुर निवासी रजत कुमार, अखिलेश रावत, मनोज सिंह ने बताया कि रात के समय अंधेरे में सड़क के बीच खड़े वाहन दिखाई नहीं देते, जिसके कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।