कोरोना रोकथाम में पौड़ी जिले का बीरोंखाल ब्लॉक बना नजीर, प्रवासियों के लिए 14 दिन का क्वारंटाइन किया अनिवार्य

पौड़ी जिले का बीरोंखाल ब्लॉक कोरोना संक्रमण रोकने के लिए नजीर पेश कर रहा है। प्रवासियों के लिए 14 दिन की अवधि संस्थागत क्वारंटाइन अनिवार्य की है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Tue, 12 May 2020 02:04 PM (IST) Updated:Tue, 12 May 2020 10:38 PM (IST)
कोरोना रोकथाम में पौड़ी जिले का बीरोंखाल ब्लॉक बना नजीर, प्रवासियों के लिए 14 दिन का क्वारंटाइन किया अनिवार्य
कोरोना रोकथाम में पौड़ी जिले का बीरोंखाल ब्लॉक बना नजीर, प्रवासियों के लिए 14 दिन का क्वारंटाइन किया अनिवार्य

बीरोंखाल (पौड़ी गढ़वाल), जेएनएन। पौड़ी जिले का बीरोंखाल ब्लॉक कोरोना संक्रमण रोकने के लिए नजीर पेश कर रहा है। क्षेत्र पंचायत प्रमुख की पहल पर ब्लॉक ने अपने लिए कुछ नियम बनाए हैं। इसके तहत विभिन्न राज्यों से घर वापसी करने वालों को तभी गांवों प्रवेश करने दिया जाएगा, जब वे 14 दिन की अवधि संस्थागत क्वारंटाइन में बिता लेंगे। ब्लॉक में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर नजर रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छह चेक पोस्ट भी बनाई गई हैं।

249 वर्ग किमी क्षेत्र में फैले बीरोंखाल ब्लॉक की 97 ग्राम सभाओं में से 78 में 21 मार्च से नौ मई के बीच 1609 लोग बाहरी राज्यों से पहुंचे हैं। शुरुआती दौर में बाहर से आने वालों को होम क्वारंटाइन किया जा रहा था, लेकिन चार मई से प्रवासियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब क्षेत्र पंचायत प्रमुख की ओर से संपूर्ण ब्लॉक में संस्थागत क्वारंटाइन अनिवार्य कर दिया गया है। अब बाहर से आने वाले सभी लोगों को राजकीय पॉलीटेक्निक बीरोंखाल में रखा जा रहा है। यहां उनके लिए बाकायदा रहने-खाने की व्यवस्था की गई है।

क्षेत्र पंचायत प्रमुख राजेश कंडारी ने बताया कि पॉलीटेक्निक में तीन मैक्स वाहन लगाए गए हैं, जिनका कार्य बाहरी राज्यों से आ रहे लोगों को उनके घरों तक छोड़ना होगा। साथ हीग्राम प्रधानों को निर्देश दिए गए हैं कि बाहर से आने वालों को गांवों के स्कूल, पंचायत घर अथवा महिला मिलन केंद्रों में संस्थागत क्वारंटाइन किया जाए। 

यह भी पढ़ें: ग्रामीणों ने गुरुग्राम से आए तीन युवकों को रात में गोशाला में रखा, सुबह हुई कमरे की व्यवस्था

ब्लॉक को किया सील

क्षेत्र पंचायत प्रमुख कंडारी ने बताया कि बीरोंखाल ब्लॉक में बाहर से आने वाले उन्हीं लोगों के बारे में जानकारी मिल रही थी, जो शासन की ओर से लगाए गए वाहनों से पहुंच रहे थे। जबकि, कई लोग निजी वाहनों से भी ब्लॉक की सीमा में प्रवेश कर चुके हैं। बताया कि निजी वाहनों से ब्लॉक में प्रवेश करने वालों की जानकारी रखने के लिए देवकंडई, सिमड़ी, कोठिला, रसिया महादेव व जिवई में चेक पोस्ट बनाई गई हैं। इनमें पुलिस व पीआरडी के जवानों की तैनाती की गई है, जो बाहर से आने वालों का पूरा ब्योरा रखेंगे। चेक पोस्ट पर स्वास्थ्य कर्मियों की भी टीम रहेगी, जो स्वास्थ्य परीक्षण के बाद ही बाहर से आने वालों को ब्लॉक की सीमा में प्रवेश करने देगी। 

यह भी पढ़ें: ग्रीन जोन में होने के बाद भी उत्‍तराखंड के इस गांव के ग्रामीणों ने बढ़ाया लॉकडाउन

chat bot
आपका साथी