रामनगर में महिला के पेट में मारा चाकू, गंभीर हालत में महिला रेफर
विवाद इतना बढ़ा की बीच बचाव करने आई महिला के पेट में दूसरे माली ने चाकू मार दिया। चाकू लगने से महिला की आंते बाहर निकल गई। पुलिस ने चिकित्सालय पहुंचकर घटना की जानकारी ली। नाजुक हालत में महिला को रामनगर से हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जागरण संवाददाता, रामनगर (नैनीताल) : खाना बनाने के लिए लकड़ी उठाने पर बगीचे में रह रहे दो माली परिवारों में मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ा की बीच बचाव करने आई महिला के पेट में दूसरे माली ने चाकू मार दिया। चाकू लगने से महिला की आंते बाहर निकल गई। पुलिस ने चिकित्सालय पहुंचकर घटना की जानकारी ली। नाजुक हालत में महिला को रामनगर से हायर सेंटर रेफर कर दिया।
काशीपुर मार्ग शिवलालपुर चुंगी के समीप रिलायंस पेट्रोल पंप के पास अनिल अग्रवाल का आम लीची का बगीचा है। जस्सू बगीचे में माली का काम करता है। वह बगीचे में बने कमरे में अपनी पत्नी रामवती व पुत्र कलुआ के साथ रहता है। बगीचे में संजय भी माली का काम करता है। वह भी बगीचे में बने दूसरे कमरे में रहता है। सोमवार देर रात जस्सू ने कमरे के बाहर चूल्हा जलाया था। उसने समीप ही एकत्र की गई लकड़ी जलाने के लिए उठाई। इस पर संजय ने आपत्ति जताई। कहासुनी बढऩे पर संजय की जस्सू व उसके पुत्र के बीच मारपीट हो गई। बीच बचाव कराने आई जस्सू की पत्नी रामवती के पेट में संजय ने चाकू मार दिया। इससे उसकी आंत बाहर आ गई, और वह नीचे गिर गई। इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल महिला को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय ले आई।
सीओ पंकज गैरोला व कोतवाल अबु कलाम ने चिकित्सालय पहुंचकर घटना की जानकारी ली। सीओ पंकज गैरोला ने बताया कि चाकू लगने से महिला के पेट की आंत बाहर आ गई थी। लकड़ी जलाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोपित संजय के खिलाफ तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।