जलसंकट से त्रस्त महिलाओं ने बरेली रोड पर लगाया जाम, सीओ सिटी समेत भारी फोर्स पहुंचा, टैंकर आने पर हटीं

महिलाओं का सब्र गुरुवार को जवाब दे गया। आक्रोशित महिलाओं ने बरेली रोड पर मंडी गेट के पास जाम लगा दिया। हाईवे जाम करने की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मचा। सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी ने मौके पर आकर वार्ता की। टैंकर भेजने पर महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 09:29 PM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 09:29 PM (IST)
जलसंकट से त्रस्त महिलाओं ने बरेली रोड पर लगाया जाम, सीओ सिटी समेत भारी फोर्स पहुंचा, टैंकर आने पर हटीं
क्षेत्रवासियों के मुताबिक पिछले एक माह से पूरे मोरारजी नगर में पानी की आपूर्ति ठप पड़ी हुई है।

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : एक महीने से जलसंकट से परेशान मोरारजी नगर महिलाओं का सब्र गुरुवार को जवाब दे गया। आक्रोशित महिलाओं ने बरेली रोड पर मंडी गेट के पास जाम लगा दिया। हाईवे जाम करने की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मचा। सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धौनी ने मौके पर आकर महिलाओं से वार्ता की। जलसंस्थान के टैंकर भेजने पर महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ।

मंडी परिसर से सटा हुआ मोरारजी नगर क्षेत्र है। इस क्षेत्र में घनी आबादी रहती है। क्षेत्रवासियों के मुताबिक पिछले एक माह से पूरे मोरारजी नगर में पानी की आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। लोगों को मीलों दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। सुबह से शाम तक महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग पानी ढो रहे हैं। जलसंस्थान की ओर से क्षेत्र में पानी की वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की जा रही है। निम्न वर्गीय जनता निजी टैंकरों से पानी खरीदने के लिए सक्षम नहीं है। मजबूर होकर अब उन्हें पानी के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है। वहीं महिलाओं के मानव श्रृंखला बनाकर सड़क पर आने से कुछ ही देर में लंबा जाम लग गया। मंडी पुलिस ने आक्रोशित महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। इसका पता लगते ही सीओ सिटी मौके पर पहुंचे। सीओ ने जलसंस्थान से अफसरों से वार्ता कर जल्द टैंकर आने का आश्वासन दिया और जाम खुलवाया। वहीं टैंकर आने पर महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ। उन्होंने जल्द क्षेत्र में जलापूर्ति बहाल करने व तब तक नियमित रूप से टैंकर से पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।

लटूरिया बाबा आश्रम नलकूप खराब, तल्ली हल्द्वानी में जलसंकट

बरेली रोड स्थित लटूरिया बाबा आश्रम परिसर में स्थित नलकूप की मोटर खराब हो गयी है। इससे तल्ली हल्द्वानी में पानी का संकट गहरा गया है। पार्षद मनोज जोशी ने बताया कि क्षेत्र की सुयाल कालोनी फेस एक व दो, प्रगति विहार, दुर्गा विहार, नागेश्वर कालोनी फेस एक व दो, शक्ति विहार कालोनी में लटूरिया बाबा आश्रम नलकूप से पानी की आपूर्ति होती है। इस नलकूप के खराब होने से करीब 400 परिवारों में जलापूर्ति ठप हो गयी है। पार्षद ने इस मामले में क्षेत्रीय अवर अभियंता से भी फोन पर वार्ता की। अवर अभियंता ने नलकूप की मरम्मत व जलापूर्ति सुचारू होने में पांच दिन का समय लगाने की संभावना जतायी है। पार्षद ने जलापूर्ति सुचारू होने तक प्रत्येक गली में रोजाना एक टैंकर से पानी भिजवाने की व्यवस्था करने की मांग की है।

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी