Vaccination in Nainital : आज पर्याप्त है वैक्सीन, 20 हजार को टीका लगाने का है लक्ष्य
Vaccination in Nainital सात अगस्त को 20 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। 18 वर्ष से ऊपर सभी लोग वैक्सीनेशन केंद्रों पर पहली व दूसरी डोज के लिए टीका लगा सकेंगे एसीएमओ ने बताया कि जिले में 68 वैक्सीनेशन केंद्र बनाए गए हैं।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : जिले में अब पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध हो गई है। सात अगस्त को 20 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। 18 वर्ष से ऊपर सभी लोग वैक्सीनेशन केंद्रों पर पहली व दूसरी डोज के लिए टीका लगा सकेंगे।
एसीएमओ डा. रश्मि पंत ने बताया कि जिले में 68 वैक्सीनेशन केंद्र बनाए गए हैं। महिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को टीका लगाया जाएगा। वहीं शुक्रवार को जिले के 45 केंद्रों में 7985 लोगों को टीका लगाया गया। कई जगह कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगाने के लिए कम लोग पहुंचे। दो-तीन लोगों के पहुंचने पर वॉयल नहीं खोली गई। उन्हें दूसरे दिन आने को कहा गया है। डा. पंत का कहना है कि दिव्यांगों को घर-घर जाकर टीका लगाया जा रहा है। बच्चों को माइक्रो न्यूट्रिएंट भी बांटा जा रहा है।
टीका लगवाने को तैयार नहीं हुईं कई गर्भवती महिलाएं
महिला अस्पताल में शुक्रवार से गर्भवतियों को टीका लगाया जा रहा है। शुक्रवार को स्वास्थ्य कर्मी भी टीकाकरण केंद्र पर तैनात हो गए थे, लेकिन महिलाएं टीका लगाने को तैयार नहीं हुई। कई महिलाओं को समझाया। फिर भी बिना टीका लगाए ही वे चली गईं। ऐसे में दिन भर में केवल तीन गर्भवती महिलाओं ने टीका लगाया गया। एसीएमओ डा. रश्मि पंत ने बताया कि टीकाकरण को लेकर जागरूक होने की जरूरत है। इससे किसी तरह का नुकसान नहीं है। टीकाकरण गर्भवती महिलाओं के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। इसलिए सभी महिलाओं को टीका लगाने के लिए आगे आना चाहिए।