उत्तराखंड के किसानों को सीएम की सौगात, बढ़ाया गन्ने का समर्थन मूल्य, जानिए क्या हैं रेट

अगेती गन्ने का मूल्य 355 व सामान्य प्रजाति के गन्ने का मूल्य 345 रुपये किसानों को दिया जाएगा। साथ ही गन्ना भाड़ा जो अभी तक किसान को 11 रुपये प्रति क्विंटल चुकाना पड़ता था वो अब महज साढ़े नौ रुपये प्रति क्विंटल देना होगा।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 07:01 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 10:31 PM (IST)
उत्तराखंड के किसानों को सीएम की सौगात, बढ़ाया गन्ने का समर्थन मूल्य, जानिए क्या हैं रेट
धामी ने कहा कि उत्तराखंड को उत्तम प्रदेश बनाने का उनका सपना साकार हो रहा है।

जागरण संवाददाता, सितारगंज (ऊधम सिंह नगर) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गन्ना मूल्य घोषित कर किसानों को 28 रुपये बढ़ोत्तरी की बड़ी सौगात दी है। अब अगेती गन्ने का मूल्य 355 व सामान्य प्रजाति के गन्ने का मूल्य 345 रुपये प्रति क्विंटल दिया जाएगा। पिछले साल अगेती किस्म पर 327 व सामान्य के लिए 317 रुपये किसानों को मिल रहा था। साथ ही गन्ना भाड़ा जो अभी तक किसान को 11 रुपये प्रति क्विंटल चुकाना पड़ता था वह घटाकर साढ़े नौ रुपये कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के 350 रुपये के सापेक्ष यहां किसानों को अगेती गन्ने पर पांच रुपया अधिक मिलेगा। प्रदेश में करीब 84 हजार हेक्टेयर में गन्ने की खेती होती है।

सोमवार को मुख्यमंत्री धामी ने चार साल से बंद पड़ी सितारगंज चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ किया। मिल परिसर में आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि मिल बंद होने से पहले क्षेत्र में करीब 4400 हेक्टेयर एरिया में गन्ने का उत्पादन किया जाता था। मिल बंद होने के बाद गन्ने का रकबा धीरे-धीरे कम हुआ है। अब मिल चालू होने से रकबे का क्षेत्रफल बढ़ेगा। साथ ही करीब 650 कर्मचारियों को भी फिर से काम मिलेगा। मिल चालू होने से खटीमा, बनबसा, नानकमत्ता, बरा, सितारगंज आदि क्षेत्रों के किसानों को अब बाजपुर, किच्छा व बहेड़ी की चीनी मिलों में गन्ना बेचने नही जाना पड़ेगा। सीएम ने पूर्व सीएम विजय बहुगुणा को क्षेत्र में विकास गंगा बहाने वाला भगीरथ कहा। साथ ही मिल चालू करवाने के लिए गन्ना मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद व विधायक सौरभ बहुगुणा के प्रयास को भी सराहा। 

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राच्य से गहरा लगाव है। पीएम में ऋषिकेश के बाद किच्छा में एम्स के सेटेलाइट सेंटर निर्माण की सौगात हमें दी है। उत्तराखंड को उत्तम प्रदेश बनाने का उनका सपना साकार हो रहा है। पहाड़ से मैदान तक विकास की लहर चल रही है। क्षेत्र के आधार पर नीतियां बनाकर जन-जन तक विकास पहुंचाने का संकल्प साकार हो रहा है। किच्छा से खटीमा व टनकपुर से बागेश्वर तक रेल लाइन की मांग को जल्द पूरा कर दिया जायेगा।

chat bot
आपका साथी