Uttarakhand Weather News Update : हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड में सबसे अधिक बरसा मानसून, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम
Uttarakhand Weather News Update देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून इस बार समय से पहले दस्तक दे गया। वर्षा ऋतु का पहला महीना जून बीत चुका है। इस दौरान दक्षिण पश्चिम मानसून उत्तराखंड पर सबसे अधिक मेहरबान रहा है।
गणेश पांडे, हल्द्वानी : Uttarakhand Weather News Update : देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून इस बार समय से पहले दस्तक दे गया। वर्षा ऋतु का पहला महीना जून बीत चुका है। इस दौरान दक्षिण पश्चिम मानसून उत्तराखंड पर सबसे अधिक मेहरबान रहा है। 12 हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड के अलावा सिक्किम इकलौता राज्य है जहां सामान्य से अधिक बारिश हुई है। हालांकि सिक्किम के मुकाबले भी उत्तराखंड बहुत आगे है। उत्तराखंड में सामान्य से डेढ़ गुना अधिक यानी 263 मिमी बारिश दर्ज की गई।
केरल तट पर दो दिन देरी से पहुंचा मानसून आगे बढऩे के साथ गति पकड़ गया। उत्तराखंड में सामान्य तिथि से छह दिन पहले 17 जून को मानसून पहुंचा था। जबकि अरुणाचल, मेघालय व असम समेत पूर्वी राज्यों में आठ जून से पहले मानसून की आमद हो गई थी। बरसात का पहला महीना बीतने के बाद बारिश के आंकड़े उत्तराखंड के लिए राहत लेकर आए हैं। उत्तराखंड में सामान्य की अपेक्षा 48 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। राज्य के 13 जिलों में से उत्तरकाशी जिले में सामान्य से कम बारिश हुई है। वहीं, मानसून ब्रेक होने से जम्मू कश्मीर, लद्दाख आदि उत्तर हिमालयी राज्यों में कम बारिश हुई है।
प्रदेशवार बारिश के आंकड़े (मिमी)
राज्य बारिश हुई औसत कमी/वृद्धि
उत्तराखंड 262.7 177.8 48
सिक्किम 489.5 425.4 15
जम्मू कश्मीर 38.2 74.0 -48
लद्दाख 1.4 6.9 -80
आसाम 381.4 418.3 -9
हिमाचल 84.6 100.5 -16
मेघालय 721.3 792.8 -9
अरुणाचल 377.3 490.7 -23
त्रिपुरा 281.4 460.1 -39
नागालैंड 233.6 282.8 -17
मिजोरम 301.0 435.5 -31
मणिपुर 174.2 425.3 59
(नोट: आंकड़े एक से 30 जून के दौरान। कमी/वृद्धि प्रतिशत में। स्रोत: मौसम विभाग)
दो जुलाई से फिर बारिश के आसार
उत्तराखंड में मानसून फिर जोर पकडऩे वाला है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से आगामी दो-तीन दिन प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार को देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, चम्पावत, पिथौरागढ़, टिहरी जिलों में कहीं कहीं पर भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। आरके सिंह, मौसम विज्ञानी जीबी पंत कृषि व प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर ने बताया कि उत्तराखंड में मानसून पहुंचने से पहले ही प्री मानसून बारिश होने लगी थी। बंगाल की खाड़ी से पूर्वी हवाएं साथ में नमी लेकर आई। इससे उत्तराखंड में अच्छी बारिश हुई।