उत्तराखंड में 20 से 49 तक की उम्र वालों में संक्रमण दर सबसे अधिक

अप्रैल में इन आंकड़ों में रोजाना मामूली बढ़त हो रही थी लेकिन 26 अप्रैल से एकाएक संक्रमण में तेजी शुरू होने के साथ ही आंकड़ों में भी बदलाव होने लगा।सबसे अधिक संक्रमित 20 से 49 साल तक की उम्र के लोग हो रहे थे।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Tue, 18 May 2021 10:21 PM (IST) Updated:Tue, 18 May 2021 10:21 PM (IST)
उत्तराखंड में 20 से 49 तक की उम्र वालों में संक्रमण दर सबसे अधिक
30 या 40 की उम्र पार कर चुके लोगों को भी खास एहतियात बरतने की जरूरत है।

भानु जोशी, हल्द्वानी : कोरोना की दूसरी लहर सभी आयु वर्ग पर गहरा असर डाल रही है। बात चाहे नवजात शिशु की हो या फिर 90 साल से ऊपर के बुजुर्ग की, ये सभी संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि, इस दूसरी लहर का असर सबसे अधिक 20 से 49 साल तक की उम्र के बीच वाले लोगों पर ज्यादा पड़ा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या का 63 फीसद हिस्सा इसी उम्र के लोगों का है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रतिदिन उम्रवार संक्रमितों का आंकड़ा जुटाया जाता है। अप्रैल में इन आंकड़ों में रोजाना मामूली बढ़त हो रही थी लेकिन, 26 अप्रैल से एकाएक संक्रमण में तेजी शुरू होने के साथ ही आंकड़ों में भी जबरदस्त बदलाव होने लगा। प्रतिदिन चार से पांच हजार लोग संक्रमित होने लगे। जिसमें से सबसे अधिक संक्रमित 20 से 49 साल तक की उम्र के लोग हो रहे थे। इस उम्र वाले तीन हजार से अधिक लोगों में रोजाना संक्रमण मिल रहा है। मई के पहले सप्ताह की समाप्ति तक यह संख्या 6000 से भी ऊपर चली गई। ऐसे में केवल युवाओं को ही नहीं बल्कि 30 या 40 की उम्र पार कर चुके लोगों को भी खास एहतियात बरतने की जरूरत है।

50 हजार से अधिक संक्रमित

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो राज्य में 17 मई तक 2,92,979 लोग संक्रमित थे। जिनमें से 20 से 29 साल के 64707, 30 से 39 साल के 69986 और 40 से 49 साल के 52305 लोग संक्रमित हैं। इसके अलावा अन्य किसी भी उम्र के संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार से ऊपर नहीं है।

20 से 49 वर्ष तक के संक्रमित

तिथि           24 घंटे में      कुल संक्रमित          संक्रमण दर

25 अप्रैल          96569              153545                  62.89 फीसद

26 अप्रैल         100034              158998                 62.91 फीसद

01 मई            119416              188802                 63.26 फीसद

07 मई            148386              233163                 63.64 फीसद

15 मई            181865              284890                 63.83 फीसद

17 मई            186998              292979                 63.82 फीसद

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी