व्यापारियों ने डीएम से कहा, सुरक्षा के लिए आसानी से उपलब्ध कराया जाए गन लाइसेंस
प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष मोंगा व संरक्षक भगवान सहाय के नेतृत्व में बुधवार को पदाधिकारियों ने डीएम धीराज सिंह गब्र्याल से मुलाकात कर हल्द्वानी की बदहाल सड़कों को सुधारने के साथ बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम से निजात दिलाने की मांग की।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष मोंगा व संरक्षक भगवान सहाय के नेतृत्व में बुधवार को पदाधिकारियों ने डीएम धीराज सिंह गब्र्याल से मुलाकात कर हल्द्वानी की बदहाल सड़कों को सुधारने के साथ बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम से निजात दिलाने की मांग की। इसके अलावा आत्मरक्षा के लिए व्यापारियों के आवेदन करने पर उन्हें आसानी से शस्त्र लाइसेंस जारी करने का निवेदन किया। पदाधिकारियों के मुताबिक पिछले 5-6 माह में आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। इसलिए शस्त्र लाइसेंस को आवेदन किए जा रहे हैं।
डीएम को सौंपे ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम के बगल वाली नहर की कवङ्क्षरग का काम लंबे समय से अटका है। अन्य जगहों पर भी यही स्थिति है। इसलिए जल्द काम करवाया जाना चाहिए। साथ ही नैनीताल रोड पर बाजार क्षेत्र के आसपास डिवाइडर खोलने का मुद्दा भी उठाया गया। व्यापारियों का कहना था कि डिवाइडर की वजह से लोगों को काफी घूमकर आना पड़ रहा है। जलभराव की समस्या से निजात दिलाने, पहाड़ की गाडिय़ों की मुख्य मार्ग से एंट्री बंद करने के साथ फड़-ठेलों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने की मांग भी उठी।
इसके अलावा बाहरी व्यापारियों की जांच कराने को भी कहा गया। इस दौरान केंद्रीय सह संयोजक देवेश अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, संगठन प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष पूरन लाल साह, प्रमोद अग्रवाल, मनोज जोशी, असमीत गुजराल, रामप्रसाद कश्यप, चमन गुप्ता, संजय वर्मा, अमरजीत सिंह, तारा सिंह अधिकारी, गौरव अग्रवाल, नितिन दुआ, नवीन कांडपाल, आशीष राठौर, बाबा अरोरा, धीरज गुप्ता आदि मौजूद थे।