बागेश्वर में भारी बार‍िश से तीन मकान ध्वस्त, छह सड़कें बंद

रविवार की रात आकाशीय बिजली गिरने के साथ ही झमाझम बारिश हुई। जिसके कारण तीन मकान ध्वस्त हो गए हैं। जबकि छह सड़कों पर मलबा बोल्डर आदि आने से वह आवागमन के लिए बंद हो गए हैं। उधर कपकोट-कर्मी मोटर मार्ग में पुलिया आपदा की भेंट चढ़ गई है।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 08:57 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 08:57 PM (IST)
बागेश्वर में भारी बार‍िश से तीन मकान ध्वस्त, छह सड़कें बंद
प्रभावित परिवारों ने पड़ोसी के घर में शरण ली है।

जागरण संवाददाता, बागेश्वर : जिले में बीती रविवार की रात आकाशीय बिजली गिरने के साथ ही झमाझम बारिश हुई। जिसके कारण तीन मकान ध्वस्त हो गए हैं। जबकि छह सड़कों पर मलबा, बोल्डर आदि आने से वह आवागमन के लिए बंद हो गए हैं। उधर, कपकोट-कर्मी मोटर मार्ग में पुलिया आपदा की भेंट चढ़ गई है। जिससे यातयात पूरी तरह ठप हो गया है। इधर, सोमवार को सुबह रिमझिम बारिश हुई और शाम होते-होते आसमान में फिर बादल छा गए हैं। बारिश के आसार बने हुए हैं। बारिश व बिजली से पहाड़ पर बुरा हाल है। मलबे से सड़कों पर आवागमन बाधित है। कई मकान धराशायी हो चुके हैं। कई जगहों पर हफ्तों से बिजली नहीं आई। ऐसे में जलापूर्ति भी बाधित है। लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। किसी तरह से लोगों का जीवन यापन हो रहा है। वहीं सड़क पर मलबा गिरने से कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।

जिले में रुक-रुक कर हो रही बारिश से जन जीवन पर असर पड़ा है। अतिवृष्टि के कारण गरुड़ के पाटली निवासी पनी राम पुत्र रतन राम, कांडा के मणगोपेश्वर निवासी बीना देवी पत्नी खुशल राम, कुचौली निवासी रेखा देवी पत्नी ललित राम का मकान ध्वस्त हो गया है। प्रभावित परिवारों ने पड़ोसी के घर में शरण ली है। कपकोट-कर्मी मोटर मार्ग के किमी 15 पर पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके अलावा कंधार-सिरमोली-लोहागढ़ी, डंगोली-सैलानी, गनीगांव-डंगोली, कपकोट-कर्मी, धरमघर-माजखेत, मुनार-बैंड से सूपी मोटर मार्ग बंद हैं। सड़कें बंद होने से लगभग दस हजार की जनसंख्या प्रभावित हो रही है। सरयू और गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जिला प्रशासन ने सरयू घाटी पर जल पुलिस की तैनाती की है। सरयू की तरफ जाने वाले लोगों को रोका जा रहा है।

बारिश का आंकड़ा

बागेश्वर-13 एमएम

गरुड़-15 एमएम

कपकोट-23 एमएम

नदियों का जलस्तर

सरयू-866.00 मीटर

गोमती-863.10 मीटर

बैजनाथ बैराज-1112.20 मीटर

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया क‍ि‍ बंद सड़कों को लोडर मशीनों के जरिए खोला जा रहा है। बिजली, पानी आदि की आपूर्ति फिलहाल सामान्य है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम 24 घंटे काम कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी