भगवती नंदा के जयकारों से नंदामय हुआ पहाड़, अल्मोड़ा में नंदा देवी कौतिक का श्रीगणेश

विश्व के कल्याण की कामना के साथ दिव्य दर्शन व जनमानस को आशीर्वाद देने के लिए मंदिर में विराजमान होने की विनती की गई। लोक में रचीबसी परंपरा के साथ ही सदियों से चले आ रहे मां नंदा सुनंदा कौतिक (मेले) का शंखनाद के साथ श्रीगणेश हुआ।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 05:24 PM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 05:24 PM (IST)
भगवती नंदा के जयकारों से नंदामय हुआ पहाड़, अल्मोड़ा में नंदा देवी कौतिक का श्रीगणेश
भाद्रपद शुक्ल पक्ष की पंचमी पर पुजारी पं.लीलाधर जोशी, पं. तारा चंद्र जोशी व भक्तों ने कलश स्थापित किया।

जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा: 'मां भगौती नंदा (भगवती) सुनंदा तू दैंड़ है जाए...। देवभूमि की कुलदेवी मां नंदा सुनंदा की स्तुति के बीच अराध्य देवियों के कैलास से मायके में पधारने का आह्वïान। चंदराजवंश के ड्योड़ीपोखर स्थित मां जगदंबा दरबार में पारंपरिक जागर के जरिये जगरियों ने कुलदेवियों को जाग्रत किया। समूचे उत्तराखंड, भारत वर्ष एवं विश्व के कल्याण की कामना के साथ दिव्य दर्शन व जनमानस को आशीर्वाद देने के लिए मंदिर में विराजमान होने की विनती की गई। लोक में रचीबसी परंपरा के साथ ही सदियों से चले आ रहे मां नंदा सुनंदा कौतिक (मेले) का शंखनाद के साथ श्रीगणेश हुआ। 

ऐतिहासिक नंदादेवी मंदिर में शनिवार की प्रात: से ही वैदिक मंत्रोच्चार गूंजने लगे। भाद्रपद शुक्ल पक्ष की पंचमी पर पुजारी पं.लीलाधर जोशी, पं. तारा चंद्र जोशी व भक्तों ने कलश स्थापित किया। विघ्नविनाशक श्रीगणेश का विधिवत पूजन के बाद कुलदेवी मां नंदा की विशेष आरती की गई। सुबह नंदादेवी फिर अपराह्नï में चंद राजाओं के ड्योड़ीपोखर स्थित कुलदेवी के मंदिर (जगदंबा दरबार) में नंदा जागर लगाई गई। 

इसमें सृष्टि की रचना, शिव पार्वती विवाह, पार्वती (नंदा) का मायके उत्तराखंड आना, महिषासुर वध, पार्वती-शिव मिलन आदि का उल्लेख करते हुए मायके में विराजमान होने के लिए कुलदेवी का आह्वïान किया गया। हुड़के की घमक, रामढोल की गर्जना के बीच पूरा माहौल नंदामय हो उठा।

ये रहे उपस्थित 

राजपुरोहित आचार्य पं. नागेश पंत, पं. हरीश जोशी, पं.दिनेश पंत, पं.हरीश पंत, पं. प्रमोद जोशी के साथ ही महोत्सव समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा, मुख्य संयोजक मनोज सनवाल, व्यवस्थापक मुन्ना वर्मा आदि। सायं मां नंदादेवी मंदिर में महाआरती हुई। 

मेहंदी व अल्पना प्रतियोगिता 

नंदादेवी महोत्सव के शुभारंभ पर मेहंदी व अल्पना प्रतियोगिता हुई। रिलायंस निप्पोन लाइफ इंश्योरेंश कंपनी की ओर से यह कार्यक्रम किया गया। निर्णायक राधा तिवारी, हेमलता वर्मा, रजनी जोशी व एकता आर्या आदि रहीं। 

आज ये अनुष्ठान 

= मंदिर में मां नंदा की पूजा ब्रह्म मुहूर्त से 

= फैंसी ड्रेस स्पर्धा अपरान्ह दो बजे से 

= नंदा सुनंदा की प्रतिमा निर्माण को धार की तुनी में कदली वृक्षों को आमंत्रण सायं पांच बजे 

= नंदा देवी मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम सायं 6.30 बजे से 

chat bot
आपका साथी