ढाई साल से बिस्तर पर जीवन काट रही भावना, लाखों खर्च होने के बाद भी नहीं हो सका इलाज

नैनीताल के समीपवर्ती सौड़ निवासी रमेश सिंह के घर बेटी को हुई बीमारी मुसीबत बन कर आई। जिस कारण बीते ढाई साल से उनकी बेटी भावना बिस्तर के सहारे ही जीवन काट रही है। लाखों खर्च होने के बाद भी उसका इलाज नहीं हो सका।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 02:39 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 02:39 PM (IST)
ढाई साल से बिस्तर पर जीवन काट रही भावना, लाखों खर्च होने के बाद भी नहीं हो सका इलाज
ढाई साल से बिस्तर पर जीवन काट रही भावना, लाखों के खर्च होने के बाद भी नहीं हो सका इलाज

नैनीताल, जागरण संवाददाता : नैनीताल के समीपवर्ती सौड़ निवासी रमेश सिंह के घर बेटी को हुई बीमारी मुसीबत बन कर आई। जिस कारण बीते ढाई साल से उनकी बेटी भावना बिस्तर के सहारे ही जीवन काट रही है। नैनीताल, हल्द्वानी, बरेली और दिल्ली के बड़े अस्पतालों में लाखों खर्च कर उपचार कराने के बाद भी जब मर्ज ठीक नहीं हुआ तो परिवार बीमार भावना को लेकर वापस नैनीताल लौट आया है। भावना सिस्टेमिक ल्यूपस एरिथेमेटोसस बीमारी से ग्रसित है। जिसे फिर से बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। भावना के उपचार में जीवन की जमापूंजी लगा चुके परिवार ने अब क्षेत्रीय विधायक और लोगों से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।

जानकारी के मुताबिक शहर के समीपवर्ती सौड़ क्षेत्र निवासी रमेश शाही होटल क्षेत्र में बतौर कुक कार्य करते थे। करीब ढाई साल पूर्व उनकी सबसे बड़ी बेटी भावना शाही को जोड़ों में दर्द और हाथ पांव में सूजन होने की तकलीफ शुरू हुई। शुरुआत में उन्होंने शहर के बीडी पांडे अस्पताल में भावना को दिखाया। जहां से सामान्य उपचार चलाने के बाद उसकी हालत में सुधार होने लगा। मगर कुछ समय बीतने के बाद ही जोड़ो के साथ सीने में दर्द जैसी समस्या बढ़ने लगी। जिस पर परिजनों ने भावना को पहले बेस और फिर सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कर उपचार कराया। मगर हालत और बिगड़ी तो उसे बरेली के राममूर्ति रेफर कर दिया गया। जहां जांच में चिकित्सकों ने बताया कि उसकी दोनों किडनियां खराब हो चुकी है।

जहां से उसे एम्स दिल्ली ले जाने की सलाह दी गयी। दिल्ली में लंबे समय उपचार के बाद भी उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। ईधर पिता द्वारा कमाई गई जमा पूजी खत्म होने के बाद स्वजन उसे वापस नैनीताल ले आये। जहां बीते माह से बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कर उसे उपचार दिया जा रहा है। पिता रमेश शाही ने बताया कि बीते दो वर्ष से बेटी के उपचार को भागदौड़ कर रहे है। जिससे काम पूरी तरह ठप है। रिश्तेदारों द्वारा की गयी आर्थिक मदद और खुद द्वारा जमा की गयी पूंजी भी अब खत्म हो चुकी है। बीते दिनों विधायक संजीव आर्य को प्रार्थना पत्र देकर आर्थिक मदद मांगी है। यदि लोगों द्वारा भी मदद मिल जाये तो बेटी का उपचार आगे बढ़ सके।

सिस्टेमिक ल्यूपस एरिथेमेटोसस बीमारी से है पीड़ित

बीडी पांडे अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ एमएस दुग्ताल ने बताया कि भावना सिस्टेमिक ल्यूपस एरिथेमेटोसस बीमारी से पीड़ित है। यह एक ऑटोइम्यून बीमारी है। जिसमे शरीर का इम्यून सिस्टम शरीर के विपरीत कार्य करना शुरू कर देता है। इस बीमारी से शरीर मे त्वचा, हृदय, किडनी और अन्य आर्गन प्रभावित होते है। जिसका पूर्ण उपचार संभव नहीं है। बीते 15 दिनों में मरीज के पेट से 11 लीटर पानी निकाला जा चुका है। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर बनी हुई है।

chat bot
आपका साथी