Salt by Election : छोड़ के सारा काम, सल्ट आज करेगा पहले मतदान, मतदाता घर से निकले तो इन बातों का रखें ध्यान
सुबह सात बजे से बूथ तैयार रहेंगे। इंतजार रहेगा तो सिर्फ मतदाताओं का। न डरना होगा। न किसी के प्रभाव में आना होगा। सोचना होगा। समझना होगा। देखना होगा और ईवीएम का बटन दबाना होगा। इसके साथ ही कोविड नियमों का ध्यान रखना है।
जागरण टीम, मानिला/भिकियासैंण : इंतजार की घड़ी समाप्त हुई। आज मतदान की बारी है। ऐसे में छोड़ के सारा काम सल्ट करेगा पहले मतदान। बनाएगा सर्वाधिक मतदान का रिकॉर्ड। तोड़ेगा सारे मिथक। सुबह सात बजे से बूथ तैयार रहेंगे। इंतजार रहेगा तो सिर्फ मतदाताओं का। न डरना होगा। न किसी के प्रभाव में आना होगा। सोचना होगा। समझना होगा। देखना होगा और ईवीएम का बटन दबाना होगा। चिंता की तनिक भी जरूरत नहीं। निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया है। कंट्रोल रूम भी सक्रिय हैं। बस जरूरत सूचना देने की है। कार्रवाई तत्काल होगी। मदद भी तत्काल मिलेगी।
भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के असामयिक निधन के बाद रिक्त हुई सल्ट की सीट पर इस बार 49, 193 पुरुष व 47, 048 महिलाएं यानी कुल 96, 241 मतदाता शनिवार को भाजपा व कांग्रेस समेत सात प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न के सामने वाले ईवीएम का बटन दबाएंगे। 151 बूथों के लिए इतनी ही पोलिंग पार्टियां तैनात कर दी गई हैं।
सुबह सात बजे से मतदान, शाम पांच बजे समाप्त
मतदान प्रक्रिया शनिवार सुबह सात बजे से शुरू होगी। शाम पांच बजे तक चलने वाले लोकतंत्र के इस पर्व पर निष्पक्ष, पारदर्शी व शांतिपूर्ण मतदान के लिए निर्वाचन आयोग ने पुख्ता तैयारी की है।
मिलेगी पल-पल की खबर
मतदान की पल-पल की खबर के लिए जिला मुख्यालय व रिटर्निंग अफसर मुख्यालय भिकियासैंण में नियंत्रण कक्ष ने काम शुरू कर दिया है। जिला मुख्यालय स्थित नियंत्रण कक्ष में पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, सहायक निदेशक डेयरी सुनील अधिकारी समेत चार अधिकारी नजर रखेंगे। भिकियासैंण में आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके साथ दो और अधिकारी तैनात किए गए हैं।
किसी भी समस्या के लिए यहां करें फोन
- अल्मोड़ा कंट्रोल रूम : 05962 237874
- भिकियासैंण कंट्रोल रूम : 05966 242025
सबसे बड़ा बूथ
प्राथमिक विद्यालय झिमार। यहां 1211 मतदाता हैं।
सबसे छोटा बूथ
प्राथमिक विद्यालय भवाली। यहां 200 मतदाता हैं।
लोकतंत्र के उत्सव में दिखाएं उत्साह
जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सल्ट क्षेत्र के मतदाताओं से शनिवार को बढ़चढ़ कर मताधिकार के इस्तेमाल की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में सभी को जागरूक नागरिक के रूप में मतदान करना चाहिए। इसके लिए घरों से निकलिए और विधायक चुनने के लिए रिकॉर्ड मतदान करिए।
कब कितना हुआ मतदान
चुनावी वर्ष मतदान फीसद
2002 48:46
2007 57.72
2012 51.98
2017 46.01
कब कितने रहे प्रत्याशी
2002 12
2007 09
2012 09
2017 10
बूथ पर जाने से पहले मतदाता इन बातों का रखें ख्याल
= मतदान के लिए मास्क पहन कर घर से निकलें
= सेनिटाइजर साथ में रखें
= दो गज की शारीरिक दूरी जरूरी
= भीड़भाड़ से दूर रहें, बगैर मास्क घूम रहे लोगों को जागरूक करें
= वाहन में चढ़ते उतरते सेनिटाइजर का प्रयोग करें, ग्लब्स भी पहनें
= साबुन से बार बार हाथ धोएं
= कोरोना से जंग को सावधानी व सतर्कता ही बचाव का उपाय है
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें