कुमाऊं में रोडवेज कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर, लड़खड़ाया बसों का संचालन

यूनियन वेतन एसीपी ड्यूटी रेस्ट समान कार्य-समान वेतन की मांग उठा रहा है। देहरादून रीजन में संगठन से जुड़े कर्मचारी पिछले छह दिन से आंदोलनरत हैं। जबकि कुमाऊं मंडल में 13 जनवरी से कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया गया था।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Wed, 13 Jan 2021 10:14 PM (IST) Updated:Thu, 14 Jan 2021 09:19 AM (IST)
कुमाऊं में रोडवेज कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर, लड़खड़ाया बसों का संचालन
मंडल के टनकपुर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा डिपो आदि डिपो में भी 60 से 80 फीसद बसों का संचालन बंद रहा।

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन से जुड़े कुमाऊं के पदाधिकारियों व सदस्यों ने बुधवार से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। कर्मचारियों ने काठगोदाम डिपो में परिवहन निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, चालक-परिचालक समेत कर्मचारियों की हड़ताल से कई रूटों पर बसों का संचालन बाधित रहा। हालांकि निगम प्रबंधन बसों के संचालन में कोई खास असर नहीं होने का दावा कर रहा है।

यूनियन वेतन, एसीपी, ड्यूटी रेस्ट, समान कार्य-समान वेतन की मांग उठा रहा है। देहरादून रीजन में संगठन से जुड़े कर्मचारी पिछले छह दिन से आंदोलनरत हैं। जबकि कुमाऊं मंडल में 13 जनवरी से कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया गया था। बुधवार से यूनियन से जुड़े सभी कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर चले गए। उन्होंने काठगोदाम डिपो परिसर में एकत्र होकर सभा की। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कमल पपनै ने बताया कि प्रदेश के तीनों रीजन देहरादून, नैनीताल व टनकपुर में उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन से जुड़े सभी सदस्यों ने कार्य बहिष्कार कर दिया है। नैनीताल परिक्षेत्र के काठगोदाम, रामनगर, रुद्रपुर, काशीपुर, भवाली, हल्द्वानी, रानीखेत व अल्मोड़ा में कर्मचारियों ने मांगें पूरी न होने पर प्रदर्शन कर विरोध व्यक्त किया। पूरे प्रदेश में बस सेवा भी प्रभावित रही है।

काठगोदाम डिपो की नौ, हल्द्वानी की तीन बसें नहीं चली

उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कमल पपनै ने दावा किया है कि कार्य बहिष्कार से पूरे प्रदेश में बसों का संचालन खासा प्रभावित रहा। काठगोदाम डिपो की नौ बसें व हल्द्वानी डिपो की तीन बसें रूटों पर नहीं दौड़ पाई। इसमें मथुरा, दिल्ली, बरेली, टनकपुर व नैनीताल आदि रूटों पर जाने वाली बसें शामिल रहीं। इसके साथ ही मंडल के टनकपुर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा डिपो आदि डिपो में भी 60 से 80 फीसद बसों का संचालन बंद रहा। परिवहन निगम संचालन के महाप्रबंधक दीपक जैन ने बताया कि राज्य के सभी डिपो से मिली रिपोर्ट से बसों का संचालन खास प्रभावित नहीं हुआ है। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन से बुधवार को हुई वार्ता में सहमति नहीं बन पाई। गुरुवार को दोबारा वार्ता की कोशिश की जाएगी।

chat bot
आपका साथी