फेसबुक पर फ्रॉड विदेशी महिला के चक्कर में पड़कर रिटायर्ड पुलिसकर्मी से गंवाए 19 लाख
एक रिटायर्ड पुलिस कर्मी से साइबर ठगों ने 18.99 लाख रुपये की ठगी कर ली। फेसबुक पर अनजान विदेशी महिला से दोस्ती करने पर उन्हें सालों की कमाई गंवानी पड़ी। मामले में पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : एक रिटायर्ड पुलिस कर्मी से साइबर ठगों ने 18.99 लाख रुपये की ठगी कर ली। फेसबुक पर अनजान विदेशी महिला से दोस्ती करने पर उन्हें सालों की कमाई गंवानी पड़ी। मामले में पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
मुखानी क्षेत्र निवासी हयात सिंह पुलिस विभाग से रिटायर्ड हैं। थाने में दी तहरीर में उन्होंने बताया कि फेसबुक पर मिशेल लोपेज नाम की एक विदेशी महिला ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। महिला ने अपना पता इंग्लैंड बताया। फेसबुक पर दोस्ती के बाद महिला उन्हें वीडियो कॉल करने लगी। आरोप है कि महिला ने विदेश से कुछ कीमती उपहार व नगदी भेजने की बात कही। अगस्त में उनके पास अज्ञात महिला का कॉल आया। उसने खुद को दिल्ली एयरपोर्ट का कस्टम अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका पार्सल आया है। जिसमें 30 हजार यूएस डालर व 16 लाख के स्वर्ण आभूषण हैं।
कॉल कटने के बाद उन्होंने उक्त महिला के बैंक अकाउंट में 8.5 लाख रुपये डाल दिए। विदेशी महिला को कॉल करने पर उसने बताया कि वह भी अपने स्वजनों के साथ एयरपोर्ट पर है। उसके पास इंडियन करेंसी नहीं है। इसलिए उसे वापस जाना पड़ सकता है। रिटायर्ड पुलिस कर्मी को झांसे में रखकर उसने कई किस्तों में 18 लाख 99 हजार रुपये ठग लिए। मुखानी थानाध्यक्ष कविंद्र शर्मा ने बताया कि अज्ञात ठग पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
इन बातों का रखें ख्याल
फेसबुक की आइडी पर हमेशा लॉक लगाकर रखें। फेसबुक आइडी में स्ट्रांग पासवर्ड लगाएं। मोबाइल नंबर कतई न डालें। अनजान महिला या युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। विदेशी महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट को हमेशा नजरअंदाज करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 155260 पर कॉल करें।