नैनीताल में नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां जोरों पर, एकबार में 50 लोगों को मंदिर में एंट्री

श्रीराम सेवक सभा की ओर से 11 से 17 सितंबर तक तय नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। कोविड के चलते इस वर्ष भी महोत्सव सादगी से मनाया जाएगा। मंदिर में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं पर पुलिस नजर रखेगी।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Sun, 05 Sep 2021 10:28 AM (IST) Updated:Sun, 05 Sep 2021 10:28 AM (IST)
नैनीताल में नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां जोरों पर, एकबार में 50 लोगों को मंदिर में एंट्री
नैनीताल में नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां जोरों पर, एकबार में 50 लोगों को मंदिर में एंट्री

जागरण संवाददाता, नैनीताल : श्रीराम सेवक सभा की ओर से 11 से 17 सितंबर तक तय नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। कोविड के चलते इस वर्ष भी महोत्सव सादगी से मनाया जाएगा। मंदिर में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं पर पुलिस नजर रखेगी। एकबार में 50 लोगों को ही मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा।

शनिवार को कोतवाली में एएसपी हरीश वर्मा ने आयोजक संस्था श्रीराम सेवक सभा के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान महोत्सव के स्वरूप और इसके आयोजन को लेकर चर्चा की गई। सभा प्रतिनिधियों ने कहा कि कोविड गाइडलाइन का अनुपालन करवाने के लिए मंदिर परिसर क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की आवश्यकता होगी, जिस पर एएसपी ने पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि पुलिसकर्मियों की देखरेख में ही सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। मंदिर परिसर के भीतर कोविड गाइडलाइन का शत-प्रतिशत अनुपालन हो सके, इसके लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। एकबार में 50 श्रद्धालुओं को ही मंदिर के भीतर प्रवेश दिया जाएगा। श्रद्धालुओं के मंदिर में प्रवेश करने और बाहर निकलने के लिए अलग-अलग गेटों की व्यवस्था की जाएगी। मुख्य द्वार से अंदर आने वाले श्रद्धालु ठंडी सड़क स्थित पीछे के गेट से बाहर जाएंगे।

इधर महासचिव जगदीश बवाड़ी ने बताया कि महोत्सव अगले सप्ताह से शहर के प्रत्येक व्यापारिक प्रतिष्ठान में देवी के ध्वज लगाए जाएंगे। बैठक में आयोजक संस्था के पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी मंटू, मनोज जोशी, हिमांशु जोशी, हरीश राणा, नितिन राणा, पान सिंह, विकास जोशी, सुरेश मेलकानी, बसंत जोशी, कोतवाल अशोक कुमार सिंह, एसओ विजय मेहता, एसएसआइ कश्मीर सिंह आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी