जागेश्वरधाम में भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप के अभद्रता प्रकरण से पहाड़ पर गरमाई सियासत
आंवला (उप्र) से सांसद धर्मेंद्र कश्यप के जागेश्वर मंदिर में अभद्र व्यवहार व प्रबंधक से गालीगलौज प्रकरण पर सियासत भी गरमा गई है। जागेश्वरधाम के इतिहास में पहली शर्मनाक घटना के बहाने कांग्रेस व अन्य दलों को बैठे बैठाए भाजपा के खिलाफ मुद्दा मिल गया।
संवाद सूत्र, अल्मोड़ा/जागेश्वरधाम : आंवला (उप्र) से सांसद धर्मेंद्र कश्यप के जागेश्वर मंदिर में अभद्र व्यवहार व प्रबंधक से गालीगलौज प्रकरण पर सियासत भी गरमा गई है। जागेश्वरधाम के इतिहास में पहली शर्मनाक घटना के बहाने कांग्रेस व अन्य दलों को बैठे बैठाए भाजपा के खिलाफ मुद्दा मिल गया। मुकदमा व गिरफ्तारी की मांग के बीच विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल सांसद कश्यप के खिलाफ कार्रवाई को जागेश्वर में धरने पर बैठ गए। जगह-जगह पुतले फूंके गए। आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं ने भी जागेश्वर में जुलूस निकाला।
जागेश्वरधाम का शर्मसार करने वाला वीडियो वायरल होने के बाद रविवार को क्षेत्रीय विधायक कुंजवाल ने देवभूमि का अपमान बता कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा निकाली। सांसद कश्यप पर कार्रवाई की मांग की। धरने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडेय, डीसीबी के पूर्व अध्यक्ष दीवान सिंह भैसोड़ा व प्रशांत भैसोड़ा, ब्लाक अध्यक्ष पूरन बिष्ट, कमल बिष्ट, राजेंद्र बिष्ट, राजेंद्र बनौला, भगवान भट्ट, प्रधान हरिमोहन भट्ट आदि बैठे। पूर्व विधायक मनोज तिवारी ने सांसद के व्यवहार को सत्ता की हनक बताया। वहीं लमगड़ा में ब्लॉक अध्यक्ष दीवान सतवाल की अगुआई में प्रदर्शन कर कश्यप का पुतला जलाया गया।
सार्वजनिक रूप से माफी मांगे कश्यप
एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा में प्रदर्शन कर भाजपा व सांसद कश्यप का पुतला फूंका। उन्होंने जागेश्वरधाम की घटना को शर्मनाक बताते हुए मांग उठाई कि सांसद को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। इस दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, उपाध्यक्ष पारितोष जोशी, राजीव कर्नाटक, दीपांशु पांडे, महेश आर्या, रॉबिन भंडारी, विनोद वैष्णव, राजेश तिवारी, प्रमोद पवार भीमा, अख्तर हुसैन, हर्ष कनवाल, गीता मेहरा, सचिन आर्या, अवनी अवस्थी, संगम पांडे, फाकिर खान, दीप साह, सुमित कुमार आदि मौजूद रहे।
आम आदमी पार्टी ने अराजकता बताया
जागेश्वर: आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं ने भी जागनाथ नगरी में जुलूस निकाल प्रदर्शन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष अमित जोशी ने सांसद की अभद्रता को अराजकता करार दे भाजपा पर तीखे प्रहार किए। मांग उठाई कि सांसद के साथ ही सीएम लिखित में माफी मांगें। इस मौके पर संगठन मंत्री प्रकाश भट्ट, तारा चंद्र पांडे, किरन बिनवाल, रोहित सिंह, नीरज सिंह, दीपक राज, मिंटू बिनवाल, गोधन सिंह, हरीश भट्ट, दिनेश भट्ट, चेतन बिनवाल, खिमराज डालाकोटी, नवीन कुमार, कमल नाथ, मनोज आदि शामिल रहे। जिला मुख्यालय में भी प्रदर्शन किया गया।
मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी पर जोर
भैंसियाछाना क्षेत्र में भी आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप के खिलाफ प्रदर्शन किए गए। कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कैप्टन पूरन सिंह सुप्याल ने कहा कि एक ओर भाजपा राष्ट्रीवाद व सनातनधर्म की दुहाई देती है, वहीं पार्टी के सांसद आस्था के केंद्र का अपमान कर रहे। कार्यकर्ताओं ने सांसद कश्यप पर मुकदमे व गिरफ्तारी की मांग की। बाद में पुतला भी फूंका गया। इस दौरान कांग्रेस नेत्री भगवती मटेला, खिलानंद भट्ट, दीप चंद्र, देवराम आर्या, नरेंद्र बाराकोटी, दीपक सनवाल, गोपाल बिष्ट, दीपक चम्याल, करम राम, गोपाल सिंह मेहरा, दीपक पांडे, गणेश राम, चंद्र शेखर, रोहित बाराकोटी आदि मौजूद रहे। उधर सेवादल के प्रदेश महासचिव गोपाल भट्ट की अगुआई में प्रदर्शन किया। इस दौरान धौलादेवी ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक बनौला, जिला सचिव हिमांशु कनवाल, त्रिलोक चौहान, गौरव अवस्थी, कमल उपाध्याय, पंकज कनवाल, विकास बोरा, गौरव भंडारी, मनीष तिवारी, सचिन मनराल आदि मौजूद रहे।