नदी घाटी से चीन सीमा तक रोशनी में नहाया पिथौरागढ़, बर्फ के बीच सरहद पर जवानों ने मनाई दीपावली

दो वर्ष कोरोना के चलते फीकी रही दीपावली को लेकर इस बार जिले के लोगों को गजब का उत्साह दिखाया। देर सायं मां लक्ष्मी की पूजा अर्चना के बाद जिले भर में आतिशबाजी हुई। रात्रि 11 बजे तक लोगों ने पटाखे जलाए। बच्चे आतिशबाजी को लेकर बेहद उत्साहित दिखे।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Fri, 05 Nov 2021 04:56 PM (IST) Updated:Fri, 05 Nov 2021 04:56 PM (IST)
नदी घाटी से चीन सीमा तक रोशनी में नहाया पिथौरागढ़, बर्फ के बीच सरहद पर जवानों ने मनाई दीपावली
सरहदों की सुरक्षा में लगे जवानों ने बर्फ के बीच दीपावली मनाई।

जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़: सीमांत जिले पिथौरागढ़ में हर्ष और उल्लास के साथ दीप पर्व मनाया गया। नदी घाटी से लेकर उच्च हिमालय तक पूरे जिला प्रकाशमान रहा। लोगों ने जहां अपने घरों में उत्सव मनाया वहीं वंचित तबकों के घरों में भी रोशनी फैलाने के प्रयास किए। सरहदों की सुरक्षा में लगे जवानों ने बर्फ के बीच दीपावली मनाई। 

पिछले दो वर्ष कोरोना के चलते फीकी रही दीपावली को लेकर इस बार जिले के लोगों को गजब का उत्साह दिखाया। देर सायं मां लक्ष्मी की पूजा अर्चना के बाद जिले भर में आतिशबाजी हुई। रात्रि 11 बजे तक लोगों ने पटाखे जलाए। बच्चे आतिशबाजी को लेकर बेहद उत्साहित दिखे। इस वर्ष जिले में अग्निकांड की कोई बड़ी घटना नहीं हुई। धारचूला, मुनस्यारी, थल, बेरीनाग, गंगोलीहाट, मदकोट, झूलाघाट आदि क्षेत्रों में भी दीपावली धूमधाम से मनाई गई। 

बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने शहीदों के नाम जलाए 151 दीये 

बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दीप पर्व पर शहीदों का नमन किया। कार्यकर्ता नगर के गांधी चौक में एकत्र हुए जहां शहीदों के नाम 151 दीये जलाए।  इस अवसर पर शहीदों का नमन करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश की आजादी, सुरक्षा और खुशहाली के लिए जवानों का अंतिम बलिदान इस देश की जनता हमेशा याद रखेगी। 

मुनस्यारी में व्यापार संघ ने मजदूरों को बांटे उपहार 

त्यौहार में हर वर्ग खुश रहे इसका ध्यान मुनस्यारी व्यापार संघ अध्यक्ष ने रखा। अध्यक्ष राजेंद्र सिंह पांगती ने क्षेत्र में मजदूरी करने वाले मजदूरों के साथ दीप पर्व मनाते हुए उन्हें उपहार बांटे। गरीब मजदूर परिवार व्यापार संघ अध्यक्ष की इस पहल से खासे गदगद नजर आए। 

चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी ने मरीजों के साथ मनाई दीपावली 

घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी के कार्यकर्ताओं ने जिला चिकित्सालय में मरीजों के साथ दीपावली मनाई। संस्थाध्यक्ष अजय ओली की अगुवाई में अस्पताल पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भर्ती मरीजों को तिलक लगाकर दीपावली की शुभकामनाएं दी। संस्थाध्यक्ष ओली ने कहा कि अस्पताल में कई मरीज अकेले भर्ती रहते हैं। दीप पर्व के दौरान उन्हें घर और परिवार की कमी महसूस न हो इसके लिए संस्था हर वर्ष अस्पताल में मरीजों के साथ दीपावली मनाती है। 

12 हजार फिट की ऊंचाई पर जले दीये 

सरहदों की सुरक्षा में लगी भारतीय सेना, आईटीबीपी और एसएसबी के जवानों ने सरहदों पर दीये जलाकर दीप पर्व मनाया। 10 से 12 हजार फिट की ऊंचाई पर स्थित चौकियों पर जवानों ने दीये जलाए और मिष्ठान वितरित कर दीप पर्व मनाया। वर्तमान में कई चौकियों के आस-पास हिमपात के चलते क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड के बीच दीपावली को लेकर जवानों में गजब का उत्साह दिखा। 

chat bot
आपका साथी