15.75 लाख में पनचक्की पर 200 वर्ग मीटर पर मालिकाना हक, लोगों को बड़ी राहत

जनवरी 2021 के संशोधित सर्किल रेटों के मुताबिक पनचक्की से एसटीएच तक 200 वर्ग मीटर नजूल लैंड पर बने आवासीय टुकड़े पर मालिकाना हक पाने के लिए 15.75 लाख रुपये खर्च करने पड़ेंगे। जबकि सबसे कम दर कलसिया पुल से रानीबाग तक के क्षेत्र की होगी।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 05:59 PM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 05:59 PM (IST)
15.75 लाख में पनचक्की पर 200 वर्ग मीटर पर मालिकाना हक, लोगों को बड़ी राहत
पुराने आवेदनों के निस्तारण में भी तेजी आ सकेगी।

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी: प्रदेश की नजूल नीति को मंजूरी मिलने से हल्द्वानी के करीब 18 हजार परिवारों को जमीन पर मालिकाना हक मिलने का रास्ता साफ हो चुका है। नजूल से जुड़े नियमों का उल्लंघन नहीं करने वाले लोगों को अन्य के मुकाबले कम खर्च पर फ्रीहोल्ड की सुविधा मिलेगी। जनवरी 2021 के संशोधित सर्किल रेटों के मुताबिक पनचक्की से एसटीएच तक 200 वर्ग मीटर नजूल लैंड पर बने आवासीय टुकड़े पर मालिकाना हक पाने के लिए 15.75 लाख रुपये खर्च करने पड़ेंगे। जबकि सबसे कम दर कलसिया पुल से रानीबाग तक के क्षेत्र की होगी। यहां इतने भूखंड का मालिक बनने के लिए आवेदक को पौने सात लाख रुपये जमा करने होंगे।

सोमवार को कैबिनेट से नजूल-नीति 2021 को मंजूरी मिलते ही लोगों को चुनावी साल में सरकार की तरफ से बड़ा तोहफा मिला। अब मौजूदा सर्किल रेट के हिसाब से पैसा जमा करने पर मालिकाना हक मिलने लगेगा। हल्द्वानी में अलग-अलग जगहों का सर्किल रेट अलग है। इसलिए पैसों को लेकर भी अंतर आएगा। रामपुर रोड स्थित नैनीताल मोटर्स से सुशीला तिवारी अस्पताल के पास तक, नवीन मंडी से सिटी अस्पताल और पनचक्की चौराहे से एसटीएच तक का सर्किल रेट एक है। वहीं, नगर निगम के अफसरों का कहना है कि लिखित आदेश पहुंचने के साथ ही सभी स्थितियां स्पष्ट हो जाएंगी। साथ ही पुराने आवेदनों के निस्तारण में भी तेजी आ सकेगी। 

जनवरी 2021 में संशोधित सर्किल रेट

स्थान                        सर्किल रेट प्रति वर्ग मीटर में

कलसिया पुल से रानीबाग   13500

पनचक्की चौक से एसटीएच  31500

एसटीएच से नैनीताल मोटर्स  31500

नवीन मंडी से सिटी अस्पताल  31500

कुसुमखेड़ा से कठघरिया      27000

कारखाना बाजार इलाका      16200 

ऐसे समझें फ्रीहोल्ड का गणित 

2011 से पहले नजूल भूमि पर काबिज जिन लोगों ने किसी भी तरह का नियम का उल्लंघन नहीं किया। उन्हें 200 वर्ग मीटर के भूखंड को फ्रीहोल्ड कराने में सर्किल रेट का 25 प्रतिशत देना होगा। कलसिया पुल से रानीबाग तक 13500 प्रति वर्ग मीटर सर्किल रेट है। 200 वर्ग मीटर का कुल रेट 27 लाख बनता है, लेकिन सिर्फ 25 प्रतिशत जमा करने पर 6.75 लाख रकम बनेगी। पनचक्की से एसटीएच, एसटीएच से नैनीताल मोटर्स और नवीन मंडी से सिटी अस्पताल तक 31500 प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से 63 लाख बनते हैं। मगर छूट के हिसाब से से 15.75 लाख चुकाना होगा। इसके अलावा कुसुमखेड़ा से कठघरिया तक 200 वर्ग मीटर का सर्किल रेट 54 लाख है लेकिन साढ़े 13 लाख ही रायल्टी पड़ेगी। वहीं, कारखाना बाजार में 200 वर्ग मीटर का सर्किल रेट 32 लाख 40 हजार है। यहां आठ लाख दस हजार रुपये जमा करने होंगे। 200 मीटर से ज्यादा जमीन होने पर छूट का प्रतिशत कम होता जाएगा।

हेक्टेयर में निगम के पास नजूल भूमि

ब्योरा             क्षेत्रफल

आवासीय        47.25

व्यावसायिक     1.60

कृषि             76.02

नो लीज         84.05

राजकीय        11.02

सार्वजनिक उपयोग 123.41

अतिक्रमण          21.56

विवादित           29.70

कुल भूमि        396.61 हेक्टेयर

(नोट-नगर निगम के पुराने रिकार्ड से मिले आंकड़े)

कामर्शियल में बढ़ेगी दर 

सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि फ्रीहोल्ड को लेकर प्रक्रिया शुरू होने पर जमीनी निरीक्षण किया जाएगा। नजूल लैंड का कामर्शियल इस्तेमाल करने पर दोगुने पैसे जमा करने पड़ेंगे। अगर एक भूखंड का व्यावसायिक और आवासीय दोनों इस्तेमाल मिला तो दर व्यावसायिक जोड़ी जाएगी।

chat bot
आपका साथी