अल्मोड़ा जिले में एक गुलदार मृत तो दूसरा गंभीर हालत में मिला, विषाक्त मांस खाने से हालत खराब होने का अंदेशा
अल्माेड़ा जिले द्वाराहाट ब्लॉक के ईड़ा गांव में एक गुलदार मरा तो दूसरा गंभीर हालत में मिला। अंदेशा है कि विषाक्त मांस या जहरीला पदार्थ खाने से दोनों बीमार पड़ गए। हालत ज्यादा बिगडऩे पर एक दम तोड़ गया।
द्वाराहाट, जागरण संवाददाता : अल्माेड़ा जिले द्वाराहाट ब्लॉक के ईड़ा गांव में एक गुलदार मरा तो दूसरा गंभीर हालत में मिला। अंदेशा है कि विषाक्त मांस या जहरीला पदार्थ खाने से दोनों बीमार पड़ गए। हालत ज्यादा बिगडऩे पर एक दम तोड़ गया। जिला मुख्यालय से पहुंची विभागीय टीम ने अस्वस्थ गुलदार के लिए पिंजड़ा लगाया। उसमें कैद न होने पर उसे ट्रैंकुलाइज कर अल्मोड़ा ले जाया जाएगा।
विकासखंड के मनैगैर तोक व जीआइसी जालली के बीच गुरुवार को ग्रामीणों ने खेत में गुलदार मरा पड़ा देखा। कुछ ही दूर दूसरा गुलदार दिखा तो पहले दहशत फैल गई। मगर ग्रामीणों ने गौर से देखा तो वह लड़खड़ा कर चल रहा था। उसे धक्क लगते देख लोग करीब तक पहुंच गए। कुछ ही देर में भीड़ जुट गई। रेंजर मदन लाल मय टीम पहुंचे। मृत गुलदार करीब ढाई वर्षीय मादा थी। शव से दुर्गंध आ रही थी। आसपास उल्टी भी की गई थी। माना जा रहा है कि जहरीला मांस खा लेने से एक अस्वस्थ तो दूसरी की मौत हो गई।
द्वाराहाट के रेंजर मदन लाल ने बताया कि गुलदार की मौत व उसकी मादा साथी के अस्वस्थ होने का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चलेगा। गुलदार की मौत मध्यरात्रि के बाद होने की संभावना है। जांच शुरू कर दी है। पिंजरा लगा जीवित गुलदार को बचाने के लिए उसे जिला मुख्यालय स्थित वन्यजीव चिकित्सालय ले जाएंगे।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें