अब होगा सिरोली कलां का विकास, नगर पंचायत की अधिसूचना जारी

शासन ने सिरोली कलां को नगर पंचायत का दर्जा दे अधिसूचना जारी कर गजट नोटिफिकेशन के लिए भेज दिया है। 2018 में किच्छा तहसील के सबसे बड़े गांव सिरोली कलां को नगर पालिका किच्छा में शामिल कर लिया गया था। जिसके चलते सिरोली कलां में तीन वार्ड बनाए गए थे।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 10:43 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 10:43 PM (IST)
अब होगा सिरोली कलां का विकास, नगर पंचायत की अधिसूचना जारी
शासन द्वारा अधिसूचना जारी किए जाने के बाद सिरोली कलां को नगर पंचायत का दर्जा मिल गया।

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : सिरोली कलां को नगर पंचातय बनाने की राह में आ रही सारी अड़चने दूर हो गई। अब सिरोली कलां के विकास को नए पंख लग लगने से कोई नहीं रोक पाएगा। शासन ने सिरोली कलां को नगर पंचायत का दर्जा दे अधिसूचना जारी कर गजट नोटिफिकेशन के लिए भेज दिया है।

2018 में किच्छा तहसील के सबसे बड़े गांव सिरोली कलां को नगर पालिका किच्छा में शामिल कर लिया गया था। जिसके चलते सिरोली कलां में तीन वार्ड बनाए गए थे। सिरोली कलां को किच्छा में मिलाए जाने को लेकर व्यापारी वर्ग भी नाखुश था और क्षेत्रीय समीकरण भी गड़बड़ा गए थे, जिसके चलते विधायक राजेश शुक्ला के प्रयास से तात्कालिन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा सिरोली कलां, लालपुर व नगला को नगर पंचायत का दर्जा देने की घोषणा की गई थी। उसके बाद लालपुर को नगर पंचायत का दर्जा दिया जा चुका है और अब सिरोली कलां को नगर पंचायत का दर्जा देने गुरुवार शाम शासन की तरफ से सचिव प्रभारी विनोद कुमार सुमन ने अधिसूचना जारी कर दी। शासन द्वारा अधिसूचना जारी किए जाने के बाद सिरोली कलां को नगर पंचायत का दर्जा मिल गया।

नगर पालिका को बजट न मिलने से नहीं हो पा रहा था काम

सिरोली कलां को नगर पालिका में शामिल तो कर लिया गया था, लेकिन बढ़ाए गए क्षेत्र पर दस वर्ष तक हाउस टैक्स न वसूले जाने के साथ ही नगर पालिका को अलग से कोई बजट नहीं मिल पाया था, जिसके चलते बड़ी आबादी वाला सिरोली कलां विकास में भी पिछड़ रहा था। तीन वर्ष में वहां विकास कार्य ठप थे। नगर पंचायत बनने के बाद अलग से बजट जारी होने के कारण विकास के रास्ते खुल जाएंगे।

एसडीएम संभालेंगे प्रशासक के रुप में कार्यभार

सिरोली कलां को नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद वहां पर अलग से प्रशासक की तैनाती की जाएगी। एसडीएम प्रशासक के रुप में कार्यभार ग्रहण करेंगे। माना जा रहा है कि जल्द ही वहां पर प्रशासक की नियुक्ति कर दी जाएगी।

25 हजार आबादी, साढ़े बारह हजार वोट

सिरोली कलां की आबादी 2011 की जनगणना के अनुसार 13,725 की थी, जो बढ़ कर 25 हजार पहुंच गई है। वहीं 2018 के नगर पालिका चुनाव में 12 हजार पांच सौ मतदाता सिरोली कलां में दर्ज किए गए थे। नगर पालिका में तीन वार्ड पूरे व दो अन्य वार्डों में कुछ अंश सिरोली कलां को रखा गया था।

विधायक राजेश शुक्ला का कहना है क‍ि क्षेत्र के विकास को लेकर संतुलन बनाने का काम लगातार किया जा रहा है। किच्छा विधानसभा के विकास के लिए जो भी घोषणाएं की उनको चुनाव से पूर्व पूरा कर लिया जाएगा। डिग्री कॉलेज का निर्माण चल रहा है, ग्रिन फील्ड एयरपोर्ट की डीपीआर के आदेश कर दिए गए है। लालपुर के बाद सिरोली कलां को नगर पंचायत का दर्जा मिल गया है, बहुत जल्द शेष रह गई घोषणाओं को भी पूरा कर लिया जाएगा। 

chat bot
आपका साथी