लोहाघाट नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं हुई रसोई गैस की आपूर्ति, चूल्हे में खाना बनाने को मजबूर महिलाएं

एक माह से गोदाम में गैस न आने से दिक्कत पैदा हो गई है। ग्रामीण इलाकों में लोग चूल्हा जलाने पर विवश हैं तो नगर के लोगों को खाना बनाने के लिए अन्य साधनों का प्रयोग करना पड़ रहा है।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 05:11 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 05:11 PM (IST)
लोहाघाट नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं हुई रसोई गैस की आपूर्ति, चूल्हे में खाना बनाने को मजबूर महिलाएं
ग्रामीण क्षेत्रों में तो कहीं एक माह से तो कहीं डेढ़ माह से रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हुई है।

जागरण संवाददाता, लोहाघाट (चम्पावात) : नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस की आपूर्ति शनिवार को भी नहीं हो पाई। लोहाघाट गैस गोदाम में सुबह से ही लोग गैस सिलिंडरों को लेकर पहुंच गए। लेकिन गैस न होने से उन्हें बैरंग लौटना पड़ा। पिछले एक माह से लोग रसोई गैस के लिए मारे-मारे फिर रहे हैं, लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है। आपूर्ति न होने से लोगों में गैस गोदाम प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश पैदा हो गया है।

नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में वाहनों से रसोई गैस की आपूर्ति की जाती है। लेकिन एक माह से गोदाम में गैस न आने से दिक्कत पैदा हो गई है। ग्रामीण इलाकों में लोग चूल्हा जलाने पर विवश हैं तो नगर के लोगों को खाना बनाने के लिए अन्य साधनों का प्रयोग करना पड़ रहा है। शनिवार की सुबह कड़ाके की ठंड के बीच दर्जनों लोग गैस गोदाम पहुंच गए, लेकिन गैस न होने का हवाला देते हुए उन्हें वापस कर दिया गया। गैस लेने पहुंचे प्रकाश सिंह, देव सिंह, भवानी देवी, हीरा देवी, पार्वती देवी आदि कहना था कि उनके घर में कई दिनों से गैस नहीं है। लगातार गैस गोदाम के चक्कर काट रहे हैं लेकिन हर रोज वापस जाना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में तो कहीं एक माह से तो कहीं डेढ़ माह से रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हुई है।

रमेश राम, हरीश कुमार, त्रिलोचन जोशी, कैलाश चौबे आदि ने बताया कि गांवों में महिलाएं जंंगलों से सूखी लकड़ी लाकर चूल्हे में खाना बना रही हैं। ग्रामीणों ने शीघ्र आपूर्ति नहीं होने पर गैस गोदाम में तालाबंदी करने की चेतावनी दी है। गैस गोदाम प्रबंधक गोविंद आर्य ने बताया कि हल्द्वानी से रसोई गैस का वाहन नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे आपूर्ति नहीं हो पा रही है। बताया कि अगले दो दिन के भीतर समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।

chat bot
आपका साथी