छत्तीसगढ़ की तर्ज पर बनेगा कुमाऊं का प्रतिज्ञा पत्र : यशपाल आर्य
छत्तीसगढ़ आल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस की टीम यहां पहुंच चुकी है। हर विधानसभा में इस टीम के दो सदस्य जनता के अलावा अलग-अलग संगठनों से संवाद कर मुद्दों का संकलन करेंगे। कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी इसमें मदद करेंगे।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : छत्तीसगढ़ के जनघोषणा पत्र की तर्ज पर कुमाऊं की 29 सीटों के लिए कांग्रेस अपना चुनावी घोषणापत्र तैयार करेगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ आल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस की टीम यहां पहुंच चुकी है। हर विधानसभा में इस टीम के दो सदस्य जनता के अलावा अलग-अलग संगठनों से संवाद कर मुद्दों का संकलन करेंगे। कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी इसमें मदद करेंगे।
गुरुवार को स्वराज आश्रम में प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि 2017 में भाजपा ने अपने दृष्टिपत्र में किए वादों को पूरा नहीं किया। बेरोजगारी, पलायन रोकने और किसानों की आय दोगुना करने के नाम पर लोगों को गुमराह किया गया। इसलिए कांग्रेस के लोग मैदान से लेकर पहाड़ के दुर्गम इलाकों में जाकर लोगों से उनकी समस्या और पीड़ा पूछ रहे हैं। प्रतिज्ञा पत्र नाम से जारी होने वाले कांग्रेस के घोषणा पत्र में गरीब, मध्यम वर्ग, महिला, पिछड़े वर्ग, युवाओं, किसानों समेत हर वर्ग की आवाज होगी।
यशपाल ने कहा कि कांग्रेस का संकल्प सिर्फ सत्ता नहीं बल्कि व्यवस्था परिवर्तन करना है। इसलिए भाजपा के राज में हुए हर जन आंदोलन का रिकार्ड संकलित कर घोषणा पत्र में उसे शामिल करेंगे। इस दौरान कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत सिंह रावत, मीडिया कोर्डिनेटर जरिता लैतफलांग, जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, महानगर अध्यक्ष राहुल छिम्वाल, पब्लिसिटी कमेटी अध्यक्ष सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक संजीव आर्य मौजूद थे।
संगठनों से बैठक और चाय पर चर्चा भी : क्षितिज
छत्तीसगढ़ आल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के इंचार्ज क्षितिज चंद्राकर ने कहा कि प्रतिज्ञा पत्र की जिम्मेदारी जिन लोगों को मिली है। वे संपर्क करने वाले हर व्यक्ति से मिलेंगे। समूहों में बैठक करने के साथ व्यक्तिगत मुलाकात और चाय के साथ चर्चा करते हुए भी जमीनी मुद्दों का खंगाला जाएगा।