भाजपा ने विकास के बजाय सिर्फ मुख्यमंत्री बदले, कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष का सरकार पर हमला
सुरेश भट्ट ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चार साल से अधिक के कार्यकाल में राज्य का विकास करने के बजाय सिर्फ मुख्यमंत्री बदले। सरकार से आजिज आकर युवा कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।
जागरण संवाददाता, नैनीताल : कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुरेश भट्ट ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चार साल से अधिक के कार्यकाल में राज्य का विकास करने के बजाय सिर्फ मुख्यमंत्री बदले। सरकार से आजिज आकर युवा कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। 2022 में कांग्रेस की सरकार बननी तय है।
शुक्रवार को हाई कोर्ट बार एसोसिएशन सभागार में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का पूर्व सांसद डा. महेंद्र पाल, कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष कमलेश तिवारी, भुवनेश जोशी, पीएस टाकुली, सौरभ अधिकारी, हाई कोर्ट बार एसोसिएशन अध्यक्ष अवतार सिंह रावत, संयुक्त सचिव शक्ति प्रताप सिंह, रमन साह, डा. दीप जोशी, भगवत नेगी, बीएस कोरंगा, मनोज जोशी आदि ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने प्रेस वार्ता में कहा कि उत्तराखंड गुलदस्ते की तरह है। कांग्रेस जनता को राहत पहुंचाने के साथ ही जनता की सुरक्षा, रोजी रोटी, कानूनी मदद की लड़ाई लड़ेगी। भाजपा सरकार गुलदस्ते को सहेज कर रखने में नाकाम रही। तीन मुख्यमंत्री बदल दिए गए।
20 विधानसभा क्षेत्र घूमकर जिम्मेदारों को दूंगा जिम्मेदारी
हल्द्वानी : कांग्रेस के नव नियुक्त कार्यवाहक अध्यक्ष प्रो. जीतराम शुक्रवार को हल्द्वानी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी ने कुमाऊं की 20 विधानसभा सीटों का जिम्मा सौंपा है। सभी क्षेत्रों में जाकर कार्यकर्ताओं व आम लोगों से चर्चा करने के बाद पार्टी के लिए जिम्मेदारी से काम करने वाले लोगों की अलग-अलग भूमिका तय की जाएगी।
थराली के पूर्व विधायक व कुमाऊं यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर जीतराम को शुक्रवार को छड़ायल स्थित आवास पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के बीच उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रो. जीतराम ने कहा कि अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ संसदीय सीट की 14 व नैनीताल की छह विधानसभा सीटों पर पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी बखूबी निभाई जाएगी। वहीं, जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने कहा कि व्यक्तिगत व सार्वजनिक का लाभ पार्टी को जरूर मिलेगा। स्वागत में महानगर अध्यक्ष राहुल छिम्वाल, प्रवक्ता डा. गणेश उपाध्याय, महासचिव राजेंद्र सुयाल, विजय सिजवाली, पूर्व प्रमुख भोला भट्ट, संजय बिष्ट, तारा नेगी, हेमंत बगड़वाल, डा. केदार पलडिय़ा, सुहैल सिद्दीकी, मनोज श्रीवास्तव, गुरदीप सिंह, लालचंद्र आदि शामिल थे।