सरकार चलाना नहीं आता तो इस्तीफा दें सीएम व आपदा प्रबंधन मंत्री: गोदियाल
उन्होंने कहा यदि सरकार को शासन चलाना नहीं आता और अफसर बात नहीं सुन रहे तो मुख्यमंत्री व आपदा प्रबंधन मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए आपदा प्रबंधन के मामले में बहानेबाजी नहीं चलेगी। 2013 की आपदा में सरकार से गलतियां हुई थी तो हाईकमान ने मुख्यमंत्री को बदल दिया था।
जागरण संवाददाता, नैनीताल : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने हालिया अतिवृष्टिï के बाद आपदा प्रबंधन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा यदि सरकार को शासन चलाना नहीं आता और अफसर बात नहीं सुन रहे तो मुख्यमंत्री व आपदा प्रबंधन मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए, आपदा प्रबंधन के मामले में बहानेबाजी नहीं चलेगी। यह भी कहा कि 2013 की आपदा में सरकार से गलतियां हुई थी तो कांग्रेस हाईकमान ने तत्कालीन मुख्यमंत्री को बदल दिया था।
शुक्रवार को पूर्व सीएम हरीश रावत के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि आपदा में लोगों का सब कुछ बर्बाद हो चुका है लेकिन सरकार तात्कालिक राहत तक नहीं दे सकी। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद भी आपदा प्रबंधन मंत्री सोए रहे। सैलाब सब कुछ बहाकर ले गया, लोग मदद के लिए परेशान हैं, कांग्रेस प्रभावितों की मदद के लिए आवाज उठा रही है तो सरकार राजनीति का आरोप लगा रही है।
उन्होंने कहा भाजपा को सरकार चलाना नहीं आता। अनुभवहीन लोग सरकार चला रहे हैं। सरकार आपदा प्रबंधन में पूरी तरह फेल हो चुकी है। कहा लोग इस सरकार से त्रस्त हो चुके हैं और कांग्रेस की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं। पा्रदेश अध्यक्ष ने कहा कांग्रेस आपदा प्रभावितों की मदद के लिए संघर्ष करेगी और इस सरकार को चैन से नहीं रहने देगी।