आपदा में लापरवाही की शिकायत सुनना पसंद नहीं करूंगा : यतीश्वरानंद

मंत्री ने प्रशासन सिंचाई विभाग ऊर्जा निगम नगर पालिका स्वास्थ्य विभाग जल संस्थान के अधिकारियों से बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि विभाग के अफसर अपनत्व की भावना के साथ आपदा पीडि़तों की मदद करें।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 11:04 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 11:04 PM (IST)
आपदा में लापरवाही की शिकायत सुनना पसंद नहीं करूंगा : यतीश्वरानंद
विधायक ने भी आपदा में ढुलमुल रवैये पर जल संस्थान के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई।

संवाद सहयोगी, रामनगर : जिले के प्रभारी मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित गांव सुंदरखाल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आपदा के कार्यों में लापरवाही न बरतने की हिदायत देते हुए कहा कि वह आपदा की अनदेखी की शिकायत सुनना पसंद नहीं करेंगे। विधायक ने भी आपदा में ढुलमुल रवैये पर जल संस्थान के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई।

शुक्रवार को ग्राम्य विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने ग्रामीणों को हर संभव मदद दिए जाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने मंत्री से विस्थापन की मांग उठाई। इसके बाद वन परिसर में मंत्री की मौजूदगी में विभागीय अधिकारियों की बैठक में विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि बाढ़ की वजह से पेयजल आपूर्ति ठप हुई तो जल संस्थान द्वारा ढुलमुल रवैया अपनाया। उनके अधिकारियों से शिकायत करनी पड़ी। 

आपदा में जनता के प्रति यह कार्यशैली ठीक नहीं है। मंत्री ने प्रशासन, सिंचाई विभाग, ऊर्जा निगम, नगर पालिका, स्वास्थ्य विभाग, जल संस्थान के अधिकारियों से बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि विभाग के अफसर अपनत्व की भावना के साथ आपदा पीडि़तों की मदद करें। विभागों के बजट व लेबर की कमी का बहाना वह सुनना पसंद नहीं करेंगे। सुंदरखाल के बाढ़ प्रभावितों के रहने के लिए मानवीय दृष्टिकोण से बीच का रास्ता निकालने को कहा।

मंत्री ने वन ग्रामों में बिजली की सुविधा देने व विस्थापन किए जाने का आश्वासन दिया। इस दौरान विधायक दीवान सिंह बिष्ट, मंडी समिति के अध्यक्ष राकेश नैनवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष भगीरथ लाल चौधरी, सांसद प्रतिनिधि इंदर रावत, नगर अध्यक्ष भावना भट्ट, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र रावत, एसडीएम गौरव चटवाल, सीओ बलजीत भाकुनी मौजूद रहे। 

chat bot
आपका साथी