कुमाऊं में आज से भारी बर्फबारी व ओलावृष्टि के आसार, शून्य डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। बुधवार दोपहर बाद बागेश्वर जिले की पिंडर घाटी में बर्फबारी हुई।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Thu, 12 Dec 2019 08:52 AM (IST) Updated:Thu, 12 Dec 2019 08:52 AM (IST)
कुमाऊं में आज से भारी बर्फबारी व ओलावृष्टि के आसार, शून्य डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
कुमाऊं में आज से भारी बर्फबारी व ओलावृष्टि के आसार, शून्य डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

हल्द्वानी, जेएनएन : पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। बुधवार दोपहर बाद बागेश्वर जिले की पिंडर घाटी में बर्फबारी हुई। गुरुवार से कुमाऊं में बारिश, बर्फबारी व ओलावृष्टि की संभावना बन रही है। शुक्रवार को 2200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी से बहुत भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन से एहतियात के तौर पर अलर्ट रहने को कहा गया है। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके चलते अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में भारी ठंड पडऩे की संभावना है।

प्रदेश के पांच जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को बागेश्वर, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चमोली व रुद्रप्रयाग जिलों में ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बर्फबारी हो सकती है। शुक्रवार को बर्फबारी का दायरा बढऩे से 2200 मीटर से अधिक ऊंचे क्षेत्र बर्फबारी के दायरे में आ सकते हैं। गुरुवार व शुक्रवार को नैनीताल, देहरादून, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार, पौड़ी जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।

दो दिन कोल्ड डे की चेतावनी

बारिश व बर्फबारी के बाद मौसम में शीतलहर की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार व शनिवार को प्रदेश में कुछ स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है। लिहाजा प्रशासन व लोगों को ठंड से बचाव की तैयारी रखने का सुझाव दिया गया है। बर्फबारी व ओलावृष्टि से पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें अवरुद्ध होने व फिसलन की स्थिति पैदा हो सकती है।

बुधवार का न्यूनतम पारा

हल्द्वानी       6.2

पिथौरागढ़    4.2

चम्पावत      4.0

मुक्तेश्वर     3.9

नैनीताल      5.0

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

बिक्रम सिंह, निदेशक मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून  ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का सिस्टम सक्रिय हो चुका है। अगला सप्ताह ठंड के लिहाज से अहम रहेगा। कई स्थानों पर तापमान शून्य डिग्री तक पहुंच सकता है। लोगों को ठंड से बचाव के उपाय करने की सलाह दी जाती है।

यह भी पढ़ें : छह मिनट के लोकगीत में होगा उत्‍तराखंड का दर्शन, कुछ ही घंटों में हजारों लोगों ने देखा ट्रेलर

यह भी पढ़ें : वनों की मनमाफिक परिभाषा से घिरी प्रदेश सरकार, हाईकोर्ट की रोक के बाद केन्‍द्र ने जारी की एडवाइजरी

chat bot
आपका साथी