पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में भारी बारिश, खलिया टाप के भुजानी तक हुआ हिमपात

लंबे समय बाद जिलेेभर में रविवार की मध्य रात्रि से तेज गरज के साथ बारिश हुई। बारिश से जंगलों में लगी आग बुझने से वन विभाग को राहत मिली है। सूख रहे जल स्रोतों के रिचार्ज होने के भी आसार बन गए हैं।

By Ganesh PandeyEdited By: Publish:Mon, 08 Mar 2021 05:56 PM (IST) Updated:Mon, 08 Mar 2021 05:56 PM (IST)
पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में भारी बारिश, खलिया टाप के भुजानी तक हुआ हिमपात
बारिश के चलते अधिकतम तापमान में चार डिग्री की कमी आई।

टीम जागरण, पिथौरागढ़/ मुनस्यारी/धारचूला : सीमांत जिले में मौसम का मिजाज बदल गया। लंबे समय बाद जिलेेभर में रविवार की मध्य रात्रि से तेज गरज के साथ बारिश हुई। बारिश से जंगलों में लगी आग बुझने से वन विभाग को राहत मिली है। सूख रहे जल स्रोतों के रिचार्ज होने के भी आसार बन गए हैं। वहीं, सूख चुकी खेती के लिए बारिश से कोई लाभ मिलने के आसार नहीं हैं। मुनस्यारी के शीर्ष खलिया के भुजानी तक हिमपात हुआ है। उच्च हिमालय में भारी हिमपात हुआ है। बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने से नेपाल और चीन सीमा से लगे धारचूला तहसील क्षेत्र में  बिजली आपूर्ति भंग है।

रविवार की मध्य रात्रि के आस-पास पूरे जिले में तेज गरज के साथ बारिश हुई। इस दौरान तेज हवाएं चली। सोमवार सुबह से आसमान बादलों से ढका रहा और हवाएं चली। अपराह्न दो बजे के आस-पास चटक धूप खिली। बारिश के चलते अधिकतम तापमान में चार डिग्री की कमी आई। सोमवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री रहा।

मुनस्यारी में रविवार दिन से ही बारिश होती रही। रात को भारी बारिश हुई, जो सोमवार पूर्वाह्न तक जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान मुनस्यारी सहित आस-पास के क्षेत्र में 21 एमएम से अधिक बारिश हुई। खलिया में भुजानी तक हिमपात हो चुका है।  मुनस्यारी में अधिकतम तापमान 11 डिग्री और न्यूनतम तीन डिग्री रहा। उच्च हिमालय सहित चोटियों पर भारी हिमपात हुआ है। पंचाचूली, राजरंभा, हंसलिंग, छिपलाकेदार आदि चोटियों पर हिमपात जारी है।

धारचूला तहसील क्षेत्र में भी रात को तेज गरज के साथ बारिश हुई। तेज हवाएं चलने से तहसील क्षेत्र की बिजली आपूर्ति रविवार रात से भंग है। सोमवार अपराह्न तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। बिजली के साथ ही संचार सेवा भी भंग हो चुकी है। बीएसएनएन और एयरटेल की सेवा बाधित रहने से आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी