चम्पावत में मलबे की चपेट में आया मकान, मां-बेटे की दर्दनाक मौत

सेलाखोला गांव में आवासीय मकान के मलबे की चपेट में आने से एक महिला व उसके बेटे की मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद तत्काल रेस्क्यू शुरू कर दिया गया। काफी मशक्कत के बाद महिला और उसके बेटे के शव को मलबे से निकाला जा सका।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 05:23 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 05:23 PM (IST)
चम्पावत में मलबे की चपेट में आया मकान, मां-बेटे की दर्दनाक मौत
कलावती देवी (48) पत्नी आनंद सिंह मौनी और उसका पुत्र 17 वर्षीय आनंद सिंह मौनी दब गए।

जागरण संवाददाता, चम्पावत : पिछले दो दिनों से कुमाऊं में पहाड़ से मैदान तक भारी बारिश हो रही है। कई सड़कों पर मलबा आने से आवागमन बाधित है। बिजली पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। वहीं चम्पावत के सेलाखोला गांव में आवासीय मकान के मलबे की चपेट में आने से एक महिला व उसके बेटे की मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद तत्काल रेस्क्यू शुरू कर दिया गया। काफी मशक्कत के बाद महिला और उसके बेटे के शव को मलबे से निकाला जा सका।

रविवार को 11:30 बजे के करीब सेलाखोला गांव में आनंद सिंह मौनी के आवासीय मकान और और कच्ची रसोई में मकान के पीछे करीब 20 मीटर की ऊंचाई से भारी मात्रा में मलबा गिर गया। मलबा अंदर घुसने से वहां मौजूद कलावती देवी (48) पत्नी आनंद सिंह मौनी और उसका पुत्र 17 वर्षीय आनंद सिंह मौनी दब गए। जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त आनंद सिंह मौनी किसी काम से बाजार गए हुए थे जिससे उनकी जान बच गई। कोतवाल शांति कुमार ने बताया कि कलावती देवी का शव कच्ची रसोई से और राहुल का शव मकान के अंदर से बरामद किया गया। इससे पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष कैलाश अधिकारी, विनोद और मोहन चंद्र ने घटना की जानकारी प्रशासन को दी। जानकारी के बाद एसडीएम अनिल चन्याल, सीओ अशोक कुमार और तहसीलदार ज्योति धपवाल के नेतृत्व में बचाव व राहत दल मौके पर पहुंच गया। बाद में पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा व एसएसबी पंचम वाहिनी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। 

सीओ अशोक कुमारा ने बताया कि मलबे से कलावती देवी और उसके पुत्र का शव बरामद करने के बाद दोनों का पंचनामा भरा गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रेसक्यू टीम में कोतवाल शांति कुमार, राजस्व उपनिरीक्षक राजीव मेहरा, मोहित मेहता, अनिल कुमार, नीरज कुमार, अनुज उप्रेती, दीपक बोहरा, रमेश जोशी सहित एसडीआरफ, एसएसबी, ग्र्रिफ, पुलिस एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी शामिल रहे। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

chat bot
आपका साथी