जब मुख्‍यमंत्री धामी बांट रहे थे आपदा पीडि़तों का दर्द तब पूर्व सीएम हरीश रावत दे रहे थे धरना

एक तरफ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने गांव में आयोजित कार्यक्रम को स्थगित कर आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे थे तो दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के धरने में शामिल होकर उनके आंदोलन को धार दे रहे थे।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 07:38 AM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 07:38 AM (IST)
जब मुख्‍यमंत्री धामी बांट रहे थे आपदा पीडि़तों का दर्द तब पूर्व सीएम हरीश रावत दे रहे थे धरना
आपदा के जख्मों के बीच पूर्व सीएम हरीश रावत ने दिया धरना, सफाई कर्मियों के आंदोलन में हुए शामिल

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी: संकट बनकर आई बारिश आपदा के निशान छोड़ चुकी है। दर्जनों जिंदगी लीलने के साथ लोगों को उम्र भर के जख्म भी दे दिए। सड़क से लेकर घरों तक में लोग फंसे रहे। मगर सियासत क्या न करवाए। एक तरफ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने पैतृक गांव में आयोजित कार्यक्रम को स्थगित कर आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे थे और पीडि़तों से मुलाकात कर रहे थे तो दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के धरने में शामिल होकर उनके आंदोलन को धार दे रहे थे।

ऐसा तब हुआ जब कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने पार्टी पदाधिकारियों से सभी राजनीतिक कार्यक्रम स्थगित कर आपदा पीडि़तों की सेवा करने की अपील की थी। हालांकि धरने में शामिल होने के बाद हरदा ने रुद्रपुर और हल्द्वानी में बाढग़्रस्त इलाके का दौरा भी किया, लेकिन तब तक हरदा के नगर निगम में धरना देने को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए थे।

मौसम विभाग के रेड अलर्ट की वजह से सोमवार से शिक्षण संस्थान बंद हैं। मैदान से लेकर पहाड़ तक में बारिश आफत6 बनकर गुजर रही है। जगह-जगह फंसे लोगों को सकुशल रेस्क्यू करने में पुलिस-प्रशासन के साथ सेना भी जुटी है। आपदा की भयावहता को देखते हुए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं से अपील की कि वह राजनीतिक कार्यक्रम को स्थगित कर जनसेवा में जुटें। तीर्थयात्रियों, पर्यटकों व स्थानीय लोगों की सहायता को प्राथमिकता में रखा जाए। इसके अलावा जरूरत पडऩे पर शासन-प्रशासन के सहयोग को भी तैयार रहने को कहा।

लेकिन पूर्व सीएम हरीश रावत कहां मानने वाले थे। वह नगर निगम में चल रहे देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के धरने को धार देने पहुंच गए। बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली को लेकर कर्मचारी संघ 12 दिनों से आंदोलन में जुटा है। पूर्व सीएम ने धरने पर बैठ उनकी मांगों का समर्थन किया। इसके बाद नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय को फोन भी किया। हरदा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश को स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाईकर्मियों को बर्खास्त करने की बजाय सम्मानित करना चाहिए।

यूथ कांग्रेसी पुतला लेकर पहुंचे

प्रदेश प्रभारी की अपील का असर यूथ कांग्रेसियों पर भी नहीं दिखा। पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर वह बुद्ध पार्क में प्रदर्शन करने पहुंच गए। केंद्र सरकार का पुतला फूंकने के साथ जमकर नारेबाजी भी की गई। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष गजेंद्र गौनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह प्रिंस, हेमंत कुमार, पूरन बिष्ट, राजीव रावत, रक्षित शर्मा, पवन मेहता, तरन बिंद्रा, बवनीत सिंह, मानस बिनवाल, दीवान चौहान आदि शामिल थे।

chat bot
आपका साथी