बागेश्वर में बूंदाबांदी, पिंडारी में हिमपात, दोपहर बाद घरों में दुबके लोग
गुरुवार की सुबह घाटी वाले भू-भाग में कोहरा रहा। जबकि दोपहर बाद जिले के सभी हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई। बारिश के आसार बने हुए हैं। वहीं पिंडारी में हल्का हिमपात हुआ है। जिससे कपकोट तहसील के सुदूरवर्ती गांवों मे ठंड बढ़ गई है।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर : जिले में पिछले दो दिनों से सूर्य के दर्शन नहीं हुए। बादल रहने के कारण ठंड बढ़ गई है। गुरुवार को दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी हुई। पिंडारी में हल्का हिमपात होने की सूचना है। जिससे तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। ठंड बढ़ने के कारण अधिकतर लोगों घरों में दुबके रहे। जिससे शहर और कस्बाइ इलाकों में सन्नाटा पसर गया।
मौसम विभाग ने बारिश और हिमपात का अलर्ट जारी किया था। लेकिन पिछले दो दिन से केवल बादल छाए रहने से ठिठुरन बढ़ गई है। गुरुवार की सुबह घाटी वाले भू-भाग में कोहरा रहा। जबकि दोपहर बाद जिले के सभी हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई। बारिश के आसार बने हुए हैं। वहीं, पिंडारी में हल्का हिमपात हुआ है। जिससे कपकोट तहसील के सुदूरवर्ती गांवों मे ठंड बढ़ गई है। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव आदि जला रहे हैं। जबकि डीएम के निर्देश के बावजूद नगर पालिका, नगर पंचायत और जिला पंचायत ने अभी तक नगर और कस्बाइ इलाकों में अलाव जलाने शुरू नहीं किए हैं। जिसके कारण यात्रियों और राहगीरों की दिक्कतें कम नहीं हो सकी हैं। वहीं अच्छी बारिश के इंतजार में किसान आसमान ताक रहे हैं।
बागेश्वर में गिरने लगा पारा
अधिकतम-12 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम- 9 डिग्री सेल्सियस
जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानूमान के अनुसार शीतलहर जारी है। बर्फबारी आदि होने पर सड़क, बिजली, पानी आदि सुविधाओं पर जिला प्रशासन का फोकस है। सभी विभागों को अलर्ट जारी किया गया है।