Uttarakhand : आपदा में न करें सियासत, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने विपक्ष को दी नसीहत

कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद प्रदेश में चलाए जा रहे हैं राहत कार्यों का संज्ञान ले रहे हैं। रोजाना उनकी सीएम पुष्कर सिंह धामी से वार्ता हो रही है। उन्होंने कांग्रेस पर आपदा के बहाने सियासत करने का आरोप लगाया।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 05:02 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 05:02 PM (IST)
Uttarakhand : आपदा में न करें सियासत, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने विपक्ष को दी नसीहत
सोमवार को रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने नैनीताल क्लब में पत्रकार वार्ता की।

जागरण संवाददाता, नैनीताल : रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि आपदा के बहाने कांग्रेस अनावश्यक सियासत करने की कोशिश ना करें। भाजपा सरकार हर प्रभावित तक मदद पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा आपदा में फंसे लोगों को निकालने के साथ ही प्रभावितों को मदद पहुंचाने की हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में चलाए जा रहे राहत कार्य का केंद्र सरकार खुद संज्ञान ले रही है।

सोमवार को रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने नैनीताल क्लब में पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में आपदा से बेहद नुकसान पहुंचा है। आपदा के तुरंत बाद प्रभावित क्षेत्रों में मदद पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर और सेना की मदद ले ली गई थी। जिससे समय रहते हजारों लोगों को निकालने में सरकार सफल रही। जिले में हर तरह के निरीक्षण के लिए 72 टीमें गठित की गई है। जो नुकसान को सूचीबद्ध कर सही आगणक तैयार कर रही है। प्रदेश सरकार के पास आपदा राहत कार्य के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। आपदा से 20 दिन पूर्व ही 250 करोड़ रुपए केंद्र सरकार से मिले हुए हैं। जिससे राहत कार्य सुचारू रूप से चलाया जा रहा है। साथ ही केंद्र द्वारा हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद प्रदेश में चलाए जा रहे हैं राहत कार्यों का संज्ञान ले रहे हैं। रोजाना उनकी सीएम पुष्कर सिंह धामी से वार्ता हो रही है। उन्होंने कांग्रेस पर आपदा के बहाने सियासत करने का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेसियों द्वारा बातें उठाई जा रही हैं कि सरकार महज हवाई दौरे कर रही है। 

कहा कि आपदा के चलते अधिकांश सड़कें क्षतिग्रस्त है। जिस कारण मुख्यमंत्री और उन्हें खुद हेलीकॉप्टर के जरिए प्रभावित क्षेत्रों में जाना पड़ा। दो दिन से लगातार वह सड़क मार्ग से प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लोगों का हाल-चाल जान रहे हैं। बेतालघाट में सड़क बंद होने के बावजूद वह प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने विपक्ष को नसीहत दी कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे राहत कार्यों कि गलत समीक्षा कर उसे राजनीतिक रूप देने का प्रयास न करें। यदि सरकार के कार्यों में कुछ कमी नजर आती है तो खुद प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों के मददगार बने।

बलियानाला प्रभावित लोगों का होगा विस्थापन 

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने बताया कि बलियानाला क्षेत्र में लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए लोगों की विस्थापन की मांग की जा रही है। जिस कारण लोगों को कृष्णापुर पालिका आवासों में विस्थापित करने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं। साथ ही प्रशासन द्वारा रूसी बाईपास क्षेत्र में प्रभावितों को बसाने के लिए भूमि भी चिन्हित कर ली गयी है। जल्द औपचारिकताएं निपटा कर लोगों को वहां बसाया जाएगा।

कम से कम दस हजार मिलेगी अहेतुक राशि 

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि आपदा के चलते आंशिक नुकसान होने पर सरकार की ओर से अब तक 3800 रुपये अहेतुक राशि दिए जाने का प्रावधान था। मगर उन्होंने नियम विरुद्ध जाकर राज्य सरकार से इस राशि को बढ़ाए जाने को लेकर बात की है। मुख्यमंत्री अथवा अन्य मदों से आंशिक नुकसान पर भी कम से कम दस हजार रुपये अहेतुक राशि प्रभावित को दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी