चम्पावत के शांत बाजार में बने शौचालय को लेकर व्यापार मंडल व नगर पालिका में विवाद

शौचालय के टैंक से बह रहे सीवर व बदबू से परेशान व्यापार मंडल ने जहां शौचालय को बंद करवा दिया है वहीं नगर पालिका ने भी व्यापार मंडल उपाध्यक्ष के खिलाफ चौकी में तहरीर देकर शौचालय संचालक को धमकाने का आरोप लगाया है।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 05:57 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 05:57 PM (IST)
चम्पावत के शांत बाजार में बने शौचालय को लेकर व्यापार मंडल व नगर पालिका में विवाद
नगर पालिका द्वारा रखे गए संचालक से नगर पालिका प्रतिदिन शुल्क ले रही है

जागरण संवाददाता, चम्पावत : नगर के शांत बाजार में बने सार्वजनिक शौचालय को लेकर नगर पालिका व व्यापार मंडल आमने सामने आ गए हैं। शौचालय के टैंक से बह रहे सीवर व बदबू से परेशान व्यापार मंडल ने जहां शौचालय को बंद करवा दिया है वहीं नगर पालिका ने भी व्यापार मंडल उपाध्यक्ष के खिलाफ चौकी में तहरीर देकर शौचालय संचालक को धमकाने का आरोप लगाया है। तहरीर के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को वार्ता के लिए बुलाया है। शौचालय की गंदगी व बदबू को बंद कराने के लिए व्यापार मंडल ने डीएम व एसडीएम को भी इसकी सूचना दी है। 

    नगर पालिका एक तरफ तो लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहा है और सीवर खोलने वालों के खिलाफ कार्यवाही कर रहा है। वहीं दूसरी ओर शांत बाजार स्थित नगर पालिका का यह सार्वजनिक शौचालय पालिका के स्वच्छता अभियान पर पलीता लगा रहा है। शौचालय के दो ओर गंदगी का अंबार है। शौचालय की सीवर लाइन लीकेज होने उसकी गंदगी से आसपास दुकानदारों का जीना मुहाल हो गया। शौचालय का टैंक ओवरफ्लो होने से गंदगी नाली में बह रही है। सार्वजनिक शौचालय के बगल में बने तिवारी होटल संचालक व व्यापार मंडल उपाध्यक्ष सतीश तिवारी का कहना है कि वह कई बार नगर पालिका से शौचालय को ठीक कराने को कह चुके हैं। मगर नगर पालिका के कान में जूं नहीं रेंग रही है।

थक हारकर उन्होंने शौचालय में ताला लगा दिया। शौचालय में ताला लगने से लोगों को काफी दिक्कत होने लगी। इस पर दो दिन पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा व ईओ भूपेंद्र जोशी ने स्थलीय निरीक्षण किया और शौचालय की सफाई कराई और शौचालय फिर खोल दिया। और नपा ने व्यापार मंडल उपाध्यक्ष सतीश के खिलाफ बाजार पुलिस चौकी में तहरीर दी। मगर शौचालय से आ रही बदबू बंद नहीं हुई। जिसके बाद बुधवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय चौधरी ने शौचालय को बंद करा दिया। उन्होंने कहा कि जब तक शौचालय की पूर्ण रूप से पीछे तक सफाई नहीं होती तब तक शौचालय नहीं खोलने दिया जाएगा। इसके लिए वह एसडीएम व डीएम से भी शिकायत कर चुके हैं। तहरीर पर बाजार चौकी प्रभारी पिंकी धामी ने व्यापार मंडल व शौचालय संचालक को बुलाकर वार्ता की। शौचालय संचालक ने सतीश तिवारी पर धमकाने के आरोप को गलत बताया। बहरहाल नगर पालिका व व्यापार मंडल के बीच शौचालय को लेकर तलवार खिंच गई है। 

अधिशासी अधिकारी भूपेंद्र जोशी का कहना है कि लोगों की शिकायत पर शौचालय की एक बार सफाई करा दी गई है। पीछे टूटी लाइन को ठीक कराने के लिए स्टीमेट तैयार किया जा रहा है। बोर्ड में पास होने के बाद कार्य कराया जाएगा। ऐसे में शौचालय को बंद करा देना गलत है। इससे लोग परेशान हो रहे हैं। 

वहीं, व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय चौधरी ने बताया कि शौचालय से कई महीनों से बदबू आ रही है। आसपास होटल है। बदबू से ग्राहक होटल में नहीं आ रहा है। व्यापारियों का व्यापार चौपट हो रहा है। नगर पालिका से शौचालय को ठीक कराने के लिए कहा लेकिन उन्होंने कोई कार्य नहीं कराया। जिस कारण शौचालय को बंद करा दिया गया है। शौचालय ठीक होने के बाद ही इसे चालू किया जाएगा।

शौचालय में नहीं बिजली पानी की व्यवस्था

नगर पालिका भले ही सार्वजनिक शौचालय को संचालित कर रहा है लेकिन आज तक उसमें बिजली पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। नगर पालिका द्वारा रखे गए संचालक से नगर पालिका प्रतिदिन शुल्क ले रही है लेकिन पानी की व्यवस्था नहीं कर रही है। संचालक द्वारा हैंडपंप से पानी लाकर शौचालय में पानी की व्यवस्था की जा रही है। वह भी केवल काम चलाऊ व्यवस्था है।

chat bot
आपका साथी